Kanpur: प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और नशे में तीन युवकों ने दी जान, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाएं

3 Min Read
Kanpur: प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और नशे में तीन युवकों ने दी जान, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाएं

सचेंडी, जूही और चकेरी थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में इन घटनाओं के पीछे प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और नशे की स्थिति जैसे कारण सामने आए हैं। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

सचेंडी थाना क्षेत्र के भूल गांव निवासी शिवम (19) ने सोमवार देर शाम ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिवार में पिता श्यामबाबू, मां बब्ली, भाई करन और बहन पायल है। परिजन ने बताया कि शिवम एक बिस्किट फैक्टरी में काम करता था। कुछ समय से उसका एक युवती से प्रेमप्रसंग चल रहा था और वह शादी करना चाहता था। इसको लेकर परिजन कतई राजी नहीं थे। इस बात को लेकर सोमवार देर शाम वह घर से निकला और घर से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है, जांच की जा रही है। इसी प्रकार जूही थाना क्षेत्र में कच्ची बस्ती निवासी लोडर इंजन मैकेनिक बृजलाल (55) ने सोमवार रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार में पत्नी सुमन, बेटा जितेंद्र है।

यशोदा नगर निवासी साढ़ू रामशंकर ने बताया कि बृजलाल सोमवार रात शराब के नशे में घर पहुंचे। इसके बाद सोने मकान के प्रथम तल पर बने कमरे में चले गए। मंगलवार सुबह पत्नी जगाने पहुंचीं तो पति का शव फंदे पर लटकता मिला।

जूही इंस्पेक्टर केके पटेल ने बताया कि शराब के नशे में खुदकुशी का कदम उठाया है। परिजन भी घटना के पीछे का कारण नहीं बता सके हैं। वहीं चकेरी थानाक्षेत्र के सीताराम नगर निवासी श्यामजी द्विवेदी (26) ने सोमवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार में पत्नी नंदनी, बेटी लाडो है। बड़े भाई रामजी ने बताया कि छोटा भाई सोमवार को भंडारे का प्रसाद खाकर घर पहुंचा। इस पर उसकी पत्नी ने खाना खाने के लिए पूछा तो उसने प्रसाद खाने की बात बताई। इसके चलते दोनों में कहासुनी होने लगी और देर रात सभी के सोने के बाद छोटे भाई ने जान दे दी। चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकार मिश्रा ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद युवक के खुदकुशी की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version