कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को लोकायुक्त की टीम ने राजधानी बेंगलुरू समेत पूरे राज्य भर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी की है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, लोकायुक्त के जांच के घेरे में कई सरकारी विभाग के कर्मचारी आए हैं। राज्य भर में लोकायुक्त की छापेमारी चल रही है। आइए जानते हैं कि इस बारे में क्या अपडेट निकल कर सामने आए हैं।
लोकायुक्त की टीम बेंगलुरु और कर्नाटक के अन्य भागों में सरकारी अधिकारियों के यहां छापेमारी कर रही है। ये कार्रवाई विश्वसनीय जानकारी मिलने के बाद की गई है, जिसमें बताया गया है कि कुछ अधिकारियों के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति है। कई स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं, जिनमें बेंगलुरू में 12, टुमकुरु में 7, यादगीर में 5, मंगलुरु में 4 और विजयपुरा में 4 स्थान शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार ये छापेमारी तुमकुरु में निर्मिति केंद्र के परियोजना निदेशक राजशेखर, दक्षिण कन्नड़ जिले में सर्वेक्षण पर्यवेक्षक मंजूनाथ, विजयपुरा में डॉ बीआर.आंबेडकर अभिवृद्धि निगम की रेणुका सातरले और बेंगलुरु शहर में शहरी और ग्रामीण नियोजन निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक मुरली टीवी, होसकोटे तालुक कार्यालय में कार्यरत अनंत कुमार और शाहपुर तालुक दफ्तर में कार्यरत उमाकांत के ठिकानों पर की गई है।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक लोकायुक्त की ओर से ये छापेमारी सात सरकारी अधिकारियों से जुड़े कई ठिकानों पर की गई है। आरोपी अधिकारियों 40 ठिकानों पर एक साथ रेड की गई है। लोकायुक्त सूत्रों ने बताया है कि छापेमारी में अचल संपत्तियों और बेहिसाब नकदी, आभूषण, महंगे वाहनों से जुड़े कई डॉक्यूमेंट्स जब्त किए गए हैं।