आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित फतेहाबाद टोल प्लाजा पर शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। एसी के आउटडोर में हुए शॉर्ट सर्किट के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसके चलते कंट्रोल रूम और सर्वर रूम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा कंट्रोल सिस्टम धू-धू कर जलने लगा। घटना के दौरान कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। जानकारी पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के फतेहाबाद टोल प्लाजा 21 के परिसर में लगे एसी के आउटडोर यूनिट में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद धमाके के साथ आग भड़क उठी। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग कंट्रोल रूम और सर्वर रूम तक पहुंच गई, जिससे वहां रखा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और पूरा सिस्टम जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक कंट्रोल रूम और सर्वर रूम पूरी तरह जल चुके थे।आग की सूचना पर यूपीडा के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह और प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद धनगर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सर्वर रूम जल जाने के कारण टोल प्लाजा की ऑटोमैटिक व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। फिलहाल वाहनों को मैनुअल तरीके से निकाला जा रहा है, जिससे टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वही सर्वर रूम जलने से बताया जा रहा है कि कंपनी को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
यूपीडा के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि एसी के आउटडोर यूनिट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। आग से टोल प्लाजा को भारी नुकसान पहुंचा है।

