मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव कॉलोनी के ही खाली प्लॉट में रस्सी से लटका मिला। उसकी पहचान भूप किशोर सैनी (50) उर्फ पप्पू पुत्र रामप्रसाद सैनी के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी भी जांच में जुटे हैं। परिजनों ने बताया कि भूप किशोर सैनी रोज की तरह सुबह खेत के लिए निकले थे। कुछ देर बाद पास के एक खाली पड़े प्लॉट में उनका शव रस्सी से लटका मिला।
शव देख स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने बताया कि भूप किशोर की कुछ लोगों से जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं लोगों ने हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटका दिया।
उनके तीन बेटे सूरज, विक्की और पंकज हैं। वह भी खेती-बाड़ी करते हैं। पत्नी राजेंद्र देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटों ने कहा कि जब तक पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करती वह शव को नहीं उठाने देंगे। इस पर मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई। भारी हंगामे के बीच मौके पर मझोला थाना पुलिस और अन्य थानों की फोर्स पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए फोरेंसिक टीम से मौके की जांच करवाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साथ ही जमीन रंजिश में संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद रामनगर कॉलोनी में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।