कैथल (हरियाणा)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वक्फ बोर्ड को लेकर लाया गया नया कानून एक ऐतिहासिक कदम है। इस कानून से वक्फ संपत्तियों पर कब्जा जमाए भूमाफियाओं और भ्रष्टाचारियों का नियंत्रण समाप्त होगा।
उन्होंने कहा कि इस माफिया को देश विरोधी राजनीतिक दलों, विशेष रूप से इंडी गठबंधन का संरक्षण प्राप्त था, जो मुस्लिम समुदाय के गरीब तबके को डरा-धमका कर केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रहे थे।
शनिवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में इंद्रेश कुमार ने कहा कि अब आम मुसलमान उन ताकतों के साथ चलेगा जो देश को जोड़ने का काम कर रही हैं। नया कानून देश को दंगामुक्त बनाएगा और मजहब के नाम पर होने वाली हिंसा पर रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि यह मुसलमानों की भी वर्षों पुरानी मांग थी।
वक्फ बोर्ड की दादागिरी पर लगाम
इंद्रेश कुमार ने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड के नाम पर अब तक खुला भ्रष्टाचार फैला हुआ था। आम नागरिकों को बिना सूचना के जमीनों पर नोटिस चिपका दिए जाते थे। यह दादागिरी अब खत्म होगी।
सरकार की मंशा है कि खुदा के नाम पर दान में आई संपत्तियों का सही तरीके से सदुपयोग हो और जो लोग इन संपत्तियों के नाम पर उकसाने का काम कर रहे थे, वे अब बेनकाब होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि वक्फ बोर्ड में केवल मुस्लिम ही नहीं, बल्कि हिंदू समाज के लोगों ने भी संपत्तियाँ वक्फ की हैं। फिर भी कुछ लोग जानबूझकर समाज में टेंशन बनाए रखने और इसे राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने में लगे थे।
जनता से ली गई राय
इंद्रेश कुमार ने जानकारी दी कि वक्फ बोर्ड को लेकर बने इस नए कानून के लिए एक लाख से अधिक लोगों से रायशुमारी की गई। यह देश के इतिहास में पहली बार हुआ है कि किसी कानून के निर्माण से पहले इतने व्यापक स्तर पर जनता की राय ली गई हो।
कांग्रेस पर सीधा हमला
एक सवाल के जवाब में इंद्रेश कुमार ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सत्ता के लिए यह पार्टी देश का फिर से विभाजन भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके समर्थक दलों की नीतियाँ हमेशा समाज को तोड़ने और लोगों को भड़काने की रही हैं। ये लोग लाखों लोगों को उजाड़ सकते हैं और देश में हिंसा फैला सकते हैं।
‘देश का मुसलमान अब खुश है’
RSS की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रीय मुस्लिम मंच (RMM) के माध्यम से मुसलमानों को जोड़ने के अभियान का जिक्र करते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि वक्फ कानून में संशोधन से देश का आम मुसलमान खुश है। उसे भरोसा हुआ है कि अब उसकी संपत्ति सुरक्षित है और उसका उपयोग सही कार्यों में होगा।