ऑयल इंडिया ने ढूंढ निकाला प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार, समुद्र के नीचे मिला खजाना

3 Min Read
ऑयल इंडिया ने ढूंढ निकाला प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार, समुद्र के नीचे मिला खजाना

पब्लिक सेक्टर की तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने अंडमान अपतटीय क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार खोज लिया है। इससे सीमांत बेसिन इलाके के आने वाले सालों में महत्वपूर्ण हाइड्रोकार्बन उत्पादक क्षेत्र के रूप में उभरने की संभावना मजबूत हुई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि ये ताजा खोज विजयपुरम-3 अन्वेषण कुएं में की गई है, जो अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में स्थित है। ये ऑयल इंडिया द्वारा इस क्षेत्र में खोदा गया दूसरा सफल गैस-युक्त कुआं है।

ऑयल इंडिया लिमिटेड ने बीएसई और एनएसई को दी खोज की जानकारी

सरकारी महारत्न कंपनी OIL ने शुक्रवार को शेयर बाजार एक्सचेंजों BSE और NSE को दी गई जानकारी में बताया कि ‘ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी’ (OALP) के तहत, ‘ऑफशोर अंडमान ब्लॉक AN-OSHP-2018/1’ में अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर, 355 मीटर की पानी की गहराई पर ‘विजयपुरम-3’ (लोकेशन OAEB) कुएं की ड्रिलिंग की गई। 

गैस की बारीकियों को जानने के लिए की जा रही है सैंपलिंग

ऑयल इंडिया ने बताया कि Eocene फॉर्मेशन में 1,900 मीटर से ज्यादा गहराई पर मौजूद कुएं की शुरुआती प्रोडक्शन टेस्टिंग के दौरान, लगातार फ्लेयरिंग से प्राकृतिक गैस की मौजूदगी का पता चला। परफोरेशन के बाद, तुरंत प्रेशर बढ़ने लगा और कुएं से प्रोडक्शन शुरू हो गया। कंपनी ने कहा कि गैस के कंपोजिशन और कैलोरीफिक वैल्यू का पता लगाने के साथ-साथ, उसके बनने की प्रक्रिया को समझने के लिए आइसोटोप स्टडीज करने के उद्देश्य से गैस की सैंपलिंग की जा रही है।

कंपनी ने पिछले ही साल विजयपुरम-2 कुएं में की थी गैस की खोज

कंपनी ने कहा कि हाल ही में हुई खोज “मौजूदा संभावनाओं में हाइड्रोकार्बन के सोर्स, माइग्रेशन के रास्ते या जमाव की मौजूदगी का एक अहम संकेत” है, जिससे इस इलाके में भविष्य के एक्सप्लोरेशन प्रोग्राम की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। बताते चलें कि ऑयल इंडिया ने इससे पहले पिछले ही साल सितंबर में विजयपुरम-2 कुएं में प्राकृतिक गैस की खोज की थी। कंपनी ने बताया कि अंडमान में जारी उसके खोज अभियान के तहत अब तक खोदे गए तीन अन्वेषण कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है। 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version