पटना में देह व्यापार के शक में कई पार्लर और स्पा में पुलिस की छापेमारी, बंटी की हत्या के बाद पुलिस का एक्शन

3 Min Read
पटना में देह व्यापार के शक में कई पार्लर और स्पा में पुलिस की छापेमारी, बंटी की हत्या के बाद पुलिस का एक्शन

पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले बंटी की हत्या के एक सप्ताह बाद पटना पुलिस ने एक साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक ब्यूटी पार्लर और स्पा में कल सोमवार को छापेमारी की। बंटी यादव की हत्या मामले में स्थानीय लोगों से बातचीत में ये बात सामने आई थी कि बंटी सेक्स रैकेट चलाने का विरोध कर रहा था। स्थानीय लोगों के साथ बैठकों और विरोध प्रदर्शन में भी शामिल होता था। पटना में कई पार्लर और स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार चलाए जाने की सूचना भी समय-समय पर पुलिस को मिलती रही है। 

बिहार में बढ़ते क्राइम को देखते हुए पटना सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी एक्शन में आई और उनके नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक थानों की पुलिस ने कल सोमवार को जगह-जगह पर छापेमारी की। रेड में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की भी टीम शामिल थी। डाक बंगला चौराहा के पास लोकनायक जयप्रकाश भवन में रेड की गई। पार्लर में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की गयी और दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। वहीं गांधी मैदान स्थित दूल्हे राजा पार्लर से एक पुरुष और महिला को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। 

पार्लर और स्पा में देह व्यापार को लेकर छापेमारी

आपको बता दें 6 जुलाई की रात बंटी दही खरीदने के लिए पटना जंक्शन के पास गया था। वहां कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और फिर उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर ले गए। 11 जुलाई को फुलेलपुर गांव के पास एक पानी से भरे खेत में बंटी का शव मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बंटी के परिवार ने शव की शिनाख्त की। इस मामले में पुलिस ने ऑटो चालक रवि उर्फ चंदू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऑटो वाले को बंटी को ले जाने की एवज में उसे 10 हजार दिए गए थे। पुलिस पूरे मामले में आगे जांच कर रही है।

सेक्स रैकेट का विरेध कर रहा था बंटी

परिजनों का आरोप है कि बंटी देह व्यापार का लगातार विरोध करता रहा था। करबिगहिया के होटलों में कुछ प्रभावी लोगों की मिलीभगत से सेक्स रैकेट चल रहा था, जिसका बंटी ने विरोध किया था। बंटी को मुख्य आरोपी रवीश कुमार ने जान से मारने की धमकी दी थी और उसकी हत्या में रवीश का ही हाथ है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version