झारखंड के जमशेदपुर पश्चिम सीट से विधायक सरयू राय ने राज्य में ऊर्जा विभाग से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने लाने का दावा किया है। सरयू राय ने दावा किया है कि ये घोटाला ऊर्जा विभाग के 160 करोड़ रुपये से जुड़ा हुआ है। उन्होंने इस बारे में सरकार से कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने कहा है कि वह इस मामले को आगामी विधानसभा सत्र में उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे।
क्या है पूरा मामला?
विधायक सरयू राय के दावे के अनुसार- “ऊर्जा विभाग के लगभग 160 करोड़ रुपये कैनरा बैंक और एक अन्य बैंक में जमा कराए गए थे। हालांकि, जब ऊर्जा विभाग के अधिकारी संबंधित बैंक में राशि की पुष्टि करने पहुंचे तो बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट रूप से कहा कि विभाग के नाम से कोई भी राशि जमा नहीं है।” जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
यह बड़ा घोटाला हो सकता है- सरयू राय
विधायक सरयू राय ने इस घटना को गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए कहा कि “यदि विभाग की इतनी बड़ी राशि बैंक खातों में दर्ज नहीं है तो यह बड़ा घोटाला हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह आगामी विधानसभा सत्र में सवाल उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। सरयू राय ने कहा कि जनता के पैसे के साथ किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सच्चाई सामने आनी चाहिए। फिलहाल ऊर्जा विभाग या संबंधित बैंकों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ऊर्जा विभाग बिना सचिव के चल रहा है- सरयू राय
सरयू राय ने आगे कहा- “झारखंड सरकार का ऊर्जा विभाग गत चार माह से अधिक समय से बिना सचिव के चल रहा है, कोई प्रभारी भी नहीं है। होल्डिंग कंपनी ऊर्जा विकास निगम में सीएमडी नहीं है, वितरण में एमडी नहीं है। फिर भी विभाग चल रहा है, विभाग का बजट बन रहा है। विभाग उपलब्धियां हासिल कर रहा है, प्रबंधन का कमाल है।”

