समीर हत्याकांड में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी संदीप यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को थाना बड़ागांव पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर मुनादी कर नोटिस चस्पा किया। पुलिस के अनुसार, उगापुर थाना चौबेपुर निवासी संदीप यादव लंबे समय से फरार है। उसके खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज है। जांच में सामने आया कि 17 आपराधिक मामले आरोपी पर थाने में दर्ज हैं।
25 दिसंबर 2025 को दयालपुर गांव के पास विवाद में रामू यादव को गोली मारकर घायल कर दिया गया था, जबकि समीर सिंह नामक बालक की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में आठ आरोपी शामिल थे। पुलिस ने इस प्रकरण में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि कुछ ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
घटना में प्रयुक्त बाइक को पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी संदीप यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसके खिलाफ पहले ही गैर जमानती वारंट और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

