उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री पर शिवसेना यूबीटी सांसदों की बैठक हो रही है। इस बैठक में पार्टी के दो सांसद शामिल नहीं हुए हैं। इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे गुट के नेता और सांसद संजय राउत ने कथित “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सांसदों की बैठक बुलाई है, जो एक नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया है।
संजय राउत ने कहा, “जिस तरह विधायकों की बैठकें होती हैं, उसी तरह आज सांसदों की बैठक बुलाई गई है। हमारे सभी सांसद बैठक में उपस्थित रहेंगे। जो सांसद किसी कारणवश नहीं आ पाएंगे, उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जोड़ा जाएगा और उनसे चर्चा की जाएगी।”
दो सांसदों ने बनाई दूरी शिवसेना सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी के अधिकांश सांसद शामिल हुए हैं। हालांकि, शिर्डी से सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे और परभणी से सांसद संजय जाधव बैठक में शामिल नहीं हुए हैं। अब इन दोनों नेताओं को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कई खबरों में दावा किया गया है कि शिवसेना यूबीटी के नौ लोकसभा सांसदों में से सात एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं और जल्द ही उनके गुट में शामिल हो सकते हैं। ऐसा होने पर केंद्र सरकार और मजबूत होगी।
बीजेपी के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे- संजय राउत संजय राउत ने कहा कि “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चा पिछले दो वर्षों से लगातार हो रही है, लेकिन ऐसा कोई ऑपरेशन नहीं हुआ है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा, “जिस दिन हमारी सत्ता आएगी, उस दिन बीजेपी नहीं बचेगी। हम उसे टुकड़े-टुकड़े कर देंगे और उनके नेताओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।”
उद्धव की मौजूदगी में अहम बैठक उद्धव ठाकरे के घर में हो रही बैठक में अरविंद सावंत मुंबई से और नासिक से राजा भाऊ वाजे पहुंचे। इसके अलावा भी कई सांसद मातोश्री पहुंचकर मीटिंग में शामिल हुए। कुछ नेताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग अटेंड की। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में पार्टी सांसदों की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, धाराशिव से सांसद ओमराजे नाईक निंबालकर बैठक में शामिल नहीं हो पाए। जानकारी के अनुसार उनके बेटे को पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके चलते वे अनुपस्थित रहे।
बैठक में ये सांसद हुए शामिल दक्षिण मुंबई से सांसद अरविंद सावंत नासिक से सांसद राजाभाऊ वाजे मुंबई दक्षिण मध्य से सांसद अनिल देसाई मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दिना पाटिल ये नेता ऑनलाइन माध्यम से जुड़े यवतमाल-वाशिम से सांसद संजय देशमुख हिंगोली से सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर

