सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर इमोशनल हुईं बहन श्वेता, राम के रूप में शेयर की भाई की तस्वीर, दी श्रद्धांजलि

5 Min Read
सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर इमोशनल हुईं बहन श्वेता, राम के रूप में शेयर की भाई की तस्वीर, दी श्रद्धांजलि

सुशांत सिंह राजपूत ने छह साल पहले आज ही के दिन इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था। उनके निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री के साथ ही पूरे देश को चौंका दिया था। अभिनेता अपने मुंबई स्थित अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। सुशांत को इस दुनिया से गए हुए आज 6 साल हो गए। यानी आज उनकी छठी पुण्यतिथि है, इस मौके पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने उनकी याद में एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में श्वेता ने अपने भाई की जिंदगी, उनके व्यक्तित्व और लोगों पर छोड़ी छाप के बारे में बात की और बताया कि उनके भाई को लोग कितना पसंद करते थे। इसी के साथ श्वेता ने इंस्टाग्राम पर सुशांत सिंह राजपूत की कई तस्वीरें भी शेयर की हैं और बताया कि इतने साल गुजरने के बाद भी उनके भाई लोगों के दिलों में क्यों बने हुए हैं।

भाई सुशांत की याद में श्वेता का पोस्ट

सुशांत सिंह राजपूत की छठी डेथ एनिवर्सरी पर अपने भाई को याद करते हुए श्वेता सिंह कीर्ति ने अपनी पोस्ट में लिखा-‘छह साल… इतना समय बीत गया मगर फिर कुछ लोग समय से भी बड़े हो जाते हैं। अब जब भी मैं भाई के बारे में सोचती हूं तो ये नहीं सोचती कि वो कैसे चला गया, बल्कि ये सोचती हूं कि उसने अपनी जिंदगी कैसे जी। मुझे भाई की बच्चों जैसी जिज्ञासा, जिंदगी, सितारे, ब्रह्मांड और इंसानी मन के रहस्यों के प्रति उनकी गहरी दिलचस्पी याद आती है। उसके बारे में सोचती हूं तो वो दिल याद आता है, जो हर किसी के साथ सम्मान से पेश आता था, चाहे वो कोई भी हो। मुझे वो इंसान याद आता है, जिसने हमें दया के भाव में बताया। जिसने हमें बताया कि अगर सफलता के साथ दया न हो तो सफलता का कोई मतलब नहीं है।’

प्यार, समय के नियम नहीं मानता

श्वेता ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- ‘इन सालों में, मैंने एक खूबसूरत बात महसूस की है और वो बात ये है कि प्यार समय के नियमों को नहीं मानता। शरीर भले ही हमारी नजर से ओझल हो जाता है, लेकिन एक खूबसूरत आत्मा का असर अनगिनत जिंदगियों पर हमेशा बना रहता है। हर बार जब कोई गुस्से के बजाय दया, अज्ञानता के बजाय सीखना, निराशा के बजाय उम्मीद, या जज करने के बजाय प्यार को चुनता है, तो ‘भाई’ जिन मूल्यों के लिए खड़े थे, उसका एक छोटा सा हिस्सा जीवित हो उठता है।’

‘दयालु बनें, सपने देखें’

अपनी बात खत्म करते हुए श्वेता ने लिखा, “भाई को दी जाने वाली सबसे बड़ी श्रद्धांजलि उदासी नहीं बल्कि उन मूल्यों को अपनाना है, जिसके लिए वे खड़े थे। जुज्ञासु बनें, दयालु बनें और सीखते रहें। निडर होकर सपने देखें और उन्हें पूरा करने की कोशिश करें। दुनिया को खुद पर इतना अधिकार न दें कि वो आपका दिल कठोर कर सके। किसी जिंदगी को जीने का असली माप ये नहीं कि वो कितना लंबा चला, बल्कि उसने कितने दिलों को छुआ यही जिंदगी जीने का असली माप है। और भाई इस पैमाने पर आज भी जीवित है। तुम हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करते रहोगे भाई। हमेशा प्यार मिलेगा और हमेशा याद किए जाओगे।’

14 जून 2020 को हुआ था सुशांत सिंह राजपूत का निधन

बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को मुंबई में अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, उस समय उनकी उम्र 34 साल थी। सुशांत के निधन के बाद इंडस्ट्री में काफी उथल-पुथल भी देखने को मिली थी। अभिनेता के एक्टिंग करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी थीं और दिल बेचारा’, ‘छिछोरे’, ‘काई पो चे’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी’ जैसी फिल्मों के लिए काफी सुर्खियां बटोरीं। उनकी आखिरी फिल्म ‘दिल बेचारा’ (2020) थी, जिसे कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में संजना सांघी ने भी अहम भूमिका निभाई है। ये फिल्म अभिनेता के निधन के बाद ओटीटी पर रिलीज हुई थी।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version