विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति की बैठक में अधीक्षण अभियंता (एसई) आवास विकास स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी नहीं पहचान पाए। उनके मोबाइन नंबर भी नहीं बता पाए। यही नहीं, जिले में कितने विधायक हैं, इसका जवाब भी नहीं दे पाए। इस पर समिति ने उन्हें लखनऊ तलब किया है। वहीं बैठक में अनुपस्थित एमडीए वीसी की ओर से जानकारी नहीं देने पर उन्हें भी समिति ने लखनऊ बुलाया है।
विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति के सभापति अश्विनी त्यागी ने शनिवार को सर्किट हाउस में सदस्य मानवेंद्र सिंह, पवन कुमार सिंह और विशेष आमंत्रित सदस्य एमएलसी भूपेंद्र चौधरी, एमएलसी गोपाल अंजान, एमएलसी डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त की माैजूदगी में मुरादाबाद और रामपुर जिले की समीक्षा की। सभापति ने जिले के जनप्रतिनिधियों के स्तर से विभागों को भेजे जाने वाले पत्रों पर की गई कार्रवाई की विस्तार से जानकारी ली।
साथ ही उनके पत्रों को सूचीबद्ध करने के संबंध में तैयार पंजिका की स्थिति के बारे में भी मालूम किया। उन्हाेंने कहा कि विभागों द्वारा विकास से संबंधित कार्ययोजना तैयार करने के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव इसमें शामिल कराए जाएं। बैठक में एमडीए वीसी के स्थान पर सचिव पहुंचे। इस पर सभापति ने वीसी के नहीं आने का कारण सचिव से पूछा।

