पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुबह से वोटिंग जारी है। कई जगहों पर धांधली और हिंसा की शिकायतें सामने आई हैं। वोटिंग के बीच भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। बीजेपी ने टीएमसी पर आरोप लगाया है कि डायमंड हार्बर की फलता सीट में कई जगह पोलिंग बूथों में ईवीएम मशीन पर बीजेपी के सिंबल के आगे टेप लगा दिया गया है, ताकि कोई भी उसे वोट न दे। इस तरह के आरोपों पर संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, जिन मतदान केंद्रों पर ईवीएम पर काली या सफेद टेप पाई गई है, वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा। वहीं, यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में बूथों पर टेप पाए जाने की घटनाएं सामने आती हैं, तो उस विधानसभा क्षेत्र में पूरी तरह से दोबारा मतदान कराया जाएगा।
अमित मालवीय ने किया था ट्वीट
ममता बनर्जी ने जहांगीर खान का बचाव करते हुए यही बात कही थी, जो डायमंड हार्बर के फाल्टा से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रहा एक अपराधी है। कई मतदान केंद्रों पर, भाजपा को वोट देने का विकल्प टेप से अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे मतदाताओं को अपना विकल्प चुनने से रोका जा रहा है। यही तथाकथित “डायमंड हार्बर मॉडल” है, वही मॉडल जिसने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को लोकसभा सीट जीतने में मदद की। हम फाल्टा के उन सभी प्रभावित बूथों पर तत्काल पुनर्मतदान की मांग करते हैं जहां ऐसी घटनाएं हुई हैं। ऐसे कुछ बूथों का विवरण, सबूतों के साथ, नीचे दिया गया है:
फाल्टा 144
भाग 170
कक्ष संख्या 2 – हरिंदांगा हाई स्कूल
बूथ 189 भी इसी तरह प्रभावित हुआ है, साथ ही कई अन्य बूथ भी।
टीएमसी ने लगाया आरोप
टीएमसी ने भाजपा पर आरोप लगाया, अमित शाह की केंद्रीय सेनाएं अब दिन दहाड़े महिलाओं पर बेरहमी से हमला कर रही हैं और उन्हें पीट रही हैं। यह वही खौफनाक शीतलकुची आतंक का मॉडल है जिसे पूरे बंगाल में दोहराया जा रहा है, जहां निर्दोष मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं को बेरहमी से पीटा जा रहा है, आतंकित किया जा रहा है और डराया जा रहा है। वे हमारी माताओं और बहनों पर जितना अधिक हमला करेंगे, हमारा प्रतिरोध उतना ही प्रबल होगा। बंगाल की महिलाओं द्वारा बहाए गए हर अपमान, हर लाठीचार्ज, हर आंसू के लिए भाजपा को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। चार मई को बंगाल न्याय दिलाएगा।

