श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का आगाज किसी बुरे सपने से कम नहीं देखने को मिला है, जिसमें 6 मुकाबले खेलने के बाद अब तक एक में भी जीत हासिल नहीं हो सकी है। अय्यर को कप्तानी सौंपे जाने के बाद ऐसी उम्मीद जताई गई थी कि टीम इंडिया टी20 फॉर्मेट में अपने जारी दबदबे को बरकरार रखने में कामयाब होगी, लेकिन अब उनके सामने अपनी नंबर-1 टी20 रैंकिंग को गंवाने का भी खतरा मंडरा रहा है। आयरलैंड के खिलाफ जहां दोनों मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा तो वहीं इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज के चार मैचों में तीन को गंवा चुकी है जबकि एक मुकाबला रद्द रहा है।
पांचवां मुकाबला गंवाते ही इंग्लैंड टॉप पर कर लेगी कब्जा
भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच में आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में प्वाइंट्स का अंतर देखा जाए तो वह सिर्फ दो प्वाइंट का रह गया है। ऐसे में टीम इंडिया यदि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला भी गंवाती है तो उसे नंबर-1 की पोजीशन से भी हाथ धोना पड़ेगा। भारतीय टीम ने साल 2022 में आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन को हासिल किया था। इसके बाद टीम इंडिया का इस फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें वह साल 2024 और 2026 में हुए टी20 वर्ल्ड कप को भी जीतने में कामयाब रहे। भारतीय टीम ने जब यूके के दौरे का आगाज किया था तो उसके कुल 275 रेटिंग प्वाइंट थे। इसमें आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया के रेटिंग प्वाइंट घटकर 272 रह गए। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला बारिश में जहां धुल गया तो वहीं उसके बाद लगातार तीन मैच गंवाने के बाद अब टीम इंडिया के रेटिंग प्वाइंट 269 पर पहुंच गए हैं। दूसरी तरफ इंग्लैंड लगातार जीत के साथ 267 रेटिंग तक पहुंच गया है।
हैरी ब्रूक की भी नंबर-1 पोजीशन पर नजरें
ब्रिस्टल में भारत के खिलाफ टी20 में अजेय बढ़त लेने के बाद इंग्लैंड टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने मुकाबला खत्म होने के बाद कहा वह इस सीरीज को 4-0 से जीतने की पूरी कोशिश करेंगे ताकि नंबर-1 की पोजीशन को हासिल किया जा सके जो उनकी टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। बता दें कि इस सीरीज का आखिरी मुकाबला साउथहैंप्टन के मैदान पर 11 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

