मोहन भागवत के आगमन कार्यक्रम के चलते साध्वी हर्षा रिछारिया की पद यात्रा को प्रशासन ने पहले रोक दिया था, पर अब सशर्त अनुमति दे दी है।
साध्वी हर्षा रिछारिया की वृंदावन से संभल तक निकाली जा रही सनातनी युवा जोड़ो पद यात्रा को प्रशासन ने रोक लगा दी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के अलीगढ़ आगमन को लेकर ऐसा किया गया है। साध्वी हर्षा रिछारिया की यात्रा को शहर के कई मुस्लिम इलाकों से गुजरना था। प्रशासन ने यात्रा को लेकर कोई विवाद न हो इसको लेकर एहतियातन यात्रा पर रोक लगा दी है।
देर रात इस बारे में साध्वी को अवगत कराया गया । इसके बाद यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। 17 अप्रैल सुबह जब अचलेश्वर महादेव मंदिर पर हर्षा रिछारिया पूजन के लिए गईं, तब हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने रोक दिया था और नोक-झोंक भी हुई थी।
अब सशर्त दी अनुमति
अब प्रशासन ने सशर्त अनुमति दी है। जिसके अनुसार हर्षा रिछारिया नरौरा तक जाकर गंगा स्नान करेंगी। उसके बाद वापस अलीगढ़ आएंगी। यहां से वह वापस वृंदावन चली जाएंगी। उन्हें संभल तक जाने की अनुमति नहीं दी है, जिसके बारे मे संभल प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।