वॉन्टेड क्रिमिनल निकला ‘जयेभाई जोरदार’ का एक्टर, मर्डर केस में गया जेल, 12 साल से काट रहा फरारी, अब हुआ गिरफ्तार

4 Min Read
वॉन्टेड क्रिमिनल निकला ‘जयेभाई जोरदार’ का एक्टर, मर्डर केस में गया जेल, 12 साल से काट रहा फरारी, अब हुआ गिरफ्तार

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। अपरधी जो जेल से भागकर मुंबई पहुंचा और एक्टर बन गया। अब पुलिस ने करीब 12 साल बाद इस वॉन्टेड क्रिमिनल को फिर धर दबोचा है। पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से मुंबई में एक्टर के रूप में पहचान बनाकर फरार चल रहा हेमंत मोदी आजीवन कारावास की सजा पाया हुआ कैदी था, जो आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। घी कांटा मेट्रो स्टेशन के पास पकड़े गए गुजराती कलाकार हेमंत मोदी की असली पहचान सामने आने पर खुद पुलिस अधिकारी भी चौंक गए।

साल 2005 में नरोडा में की थी हत्या

मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे आपराधिक मामले की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी, जब हेमंत मोदी ने अहमदाबाद के नरोडा इलाके में एक दिल दहला देने वाली हत्या को अंजाम दिया था। इस मामले में अदालत ने हेमंत को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उसे मेहसाणा जेल भेज दिया गया था। जेल में बंद रहने के दौरान मानसिक रूप से टूट चुके हेमंत ने अपनी पत्नी से तलाक भी ले लिया था। हेमंत को लगने लगा था कि अब उसकी पूरी जिंदगी जेल की सलाखों के पीछे ही बीतेगी। लेकिन, साल 2014 में उसे अदालत से पैरोल मिली थी। जेल से बाहर आते ही उसने वापस लौटने के बजाय हमेशा के लिए गायब हो जाने की योजना बना ली।

मुंबई में पहचान छुपाकर बना ‘स्ट्रगलिंग एक्टर’

पैरोल जंप कर फरार होने के बाद हेमंत सीधे मुंबई पहुंच गया, जहां उसने अपने लिए एक अलग जिंदगी चुन ली। मुंबई में हमेंत ने अपना खूनी अतीत छुपाकर एक सामान्य स्ट्रगलिंग अभिनेता के रूप में थिएटर और फिल्मी दुनिया में किस्मत आजमानी शुरू कर दी। बताया जाता है कि इस दौरान उसने अपना नाम बदलकर ‘स्पंदन मोदी’ कर लिया था। इंटरनेट डेटाबेस में भी उसके द्वारा की गई फिल्मों में इसी नाम से क्रेडिट दिए गए हैं।

वॉन्टेड अपराधी निकला एक्टर

हैरानी की बात यह है कि जिस समय पुलिस रिकॉर्ड में वह एक बड़ा वांछित अपराधी था, उसी दौरान वह बड़े पर्दे पर बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों ‘जयेशभाई जोरदार’, ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ और ‘53वां पन्ना’ में रणवीर सिंह, आमिर खान और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े-बड़े सितारों के साथ काम किया। इसके अलावा उसने कई हिंदी धारावाहिकों और नाटकों में भी छोटी-बड़ी भूमिकाएं निभाईं। चौंकाने वाली बात यह है कि उसने एक गुजराती फिल्म में भी काम किया, लेकिन किसी को जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि यह व्यक्ति एक गंभीर अपराध में फरार आरोपी है।

घी कांटा मेट्रो स्टेशन के पास क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल

लंबे समय से फरार चल रहे इस सजायाफ्ता कैदी के अहमदाबाद में कहीं छिपे होने और किसी से मिलने आने की पक्की सूचना क्राइम ब्रांच को मिली थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और उसके पुराने संपर्कों पर नजर रखनी शुरू कर दी। आखिरकार घी कांटा मेट्रो स्टेशन के पास क्राइम ब्रांच द्वारा बिछाए गए जाल में हेमंत मोदी फंस गया। गिरफ्तारी के समय भी उसने अपनी “अभिनय कला” के दम पर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन उसकी यह चाल काम नहीं आई और उसने पुलिस के सामने सब कुछ कबूल कर लिया। अब पुलिस उसे दोबारा जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version