झुंझुनूं जिले के सिंघाना क्षेत्र के भैंसावता गांव के पास सोमवार देर रात करीब 1 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बारात में शामिल दूल्हे के दोस्तों की फॉर्च्यूनर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाती हुई सड़क से करीब 50 फीट दूर खेत में जा गिरी। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोस्त की शादी में शामिल होने आए थे, वापस घर नहीं लौटे
मिली जानकारी के अनुसार सभी युवक मोई गांव में अपने दोस्त की बारात में शामिल होने आए थे। देर रात फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर किसी काम से चिड़ावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भैंसावता के नजदीक तेज रफ्तार गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई। गाड़ी ने कई पलटियां खाईं और उछलते हुए सड़क से दूर खेत में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसे में इनकी गई जान-
हादसे में संदीप कड़वासरा पुत्र सवाई सिंह, तनिष्क शेखावत पुत्र मनोहर सिंह और धर्मेंद्र पुत्र महावीर सिंह निवासी उदावास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय पुत्र सहीराम निवासी बाकरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
शादी का जश्न बन गया काल
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा और सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को चिड़ावा उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शादी की खुशियों में शामिल होने आए तीन दोस्तों की असमय मौत से पूरे इलाके में गहरा शोक छा गया है।

