जाम से एमजी रोड का बुरा हाल: मेट्रो निर्माण ने बढ़ाई मुश्किलें, हरीपर्वत चौराहे पर फंसे वाहन, रेंगते हुए गुजरे

2 Min Read
जाम से एमजी रोड का बुरा हाल: मेट्रो निर्माण ने बढ़ाई मुश्किलें, हरीपर्वत चौराहे पर फंसे वाहन, रेंगते हुए गुजरे

आगरा के एमजी रोड के हरीपर्वत चाैराहे पर मेट्रो ने पिलर निर्माण शुरू कराया है। इससे जाम की समस्या होने लगी है। दिल्ली गेट की तरफ से आने वाले वाहनों की कतार लग रही है। चाैराहे पर पहले से ही सीएम ग्रिड योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा रावली पर पिलर निर्माण कार्य से समस्या बरकरार है। सोमवार को रावली महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़ होने की वजह से सड़क पर जाम लगा रहा।

दिल्ली गेट से हरीपर्वत की तरफ आने वाली लेन पर सीएम ग्रिड योजना के तहत कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही अब चाैराहे पर ट्रैफिक पुलिस के आईलैंड वाली जगह पर मेट्रो ने भी पिलर का निर्माण शुरू कराया है। इस कारण दिल्ली गेट की तरफ से आने वाले वाहनों को संजय प्लेस की तरफ जाने के लिए स्पीड कलर लैब की तरफ से निकाला जा रहा है। ऐसे में लोगों को घूमकर आना पड़ रहा है। सुबह और शाम वाहनों का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में वाहनों की लाइन लग रही है और जाम लग जाता है।

सेंट जोंस की तरफ जाने के लिए वाहन चालक जब मुड़ते हैं तो एमडी जैन इंटर काॅलेज की तरफ से आने वाले वाहन सामने आ जाते हैं। ऐसे में जाम लगता है। पुलिस कर्मी वाहनों को निकालते हैं, लेकिन समस्या बरकरार है। सोमवार को रावली महदेव मंदिर के पास जाम लग गया। वहीं हाईवे पर गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास शाम को जाम ने लोगों को परेशान किया। सिकंदरा तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। यमुना किनारा मार्ग पर भी वाहनों के दबाव से जाम लगा रहा।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version