शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र के गांव कसारी में शुक्रवार रात अमर (40 वर्ष) और उनकी पत्नी कुसुमा देवी (37 वर्ष) की कमरे में रखे पैडस्टल पंखे में उतरे करंट से मौत हो गई। दंपती की मौत से उनके पांच बच्चे बेसहारा हो गए हैं।
अमर सिंह और उनकी पत्नी कुसुमा देवी कमरे में लेटे थे जबकि उनके बच्चे बाहर पड़ी मड़ैया के नीचे लेटे हुए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे बच्चों को कमरे से आवाज आती सुनाई दी। वे जब कमरे में पहुंचे तो माता-पिता जमीन पर पड़े हुए थे। पास रखा फर्राटा पंखा नीचे गिरा हुआ था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
उन्होंने पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची सोनी को बताया तो उन्होंने आकर देखा। उन्होंने कुसुमा को छुआ तो उनको भी झटका लगा। बाद में परिवार के और लोग आ गए। दंपती को लेकर नगरिया पीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।

