Train Accident: जाजपुर में चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस ट्रेन हुई डिरेल, तीन कोच पटरी से उतरे, मचा हड़कंप

2 Min Read
Train Accident: जाजपुर में चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस ट्रेन हुई डिरेल, तीन कोच पटरी से उतरे, मचा हड़कंप

ओडिशा के जाजपुर जिला में गुरुवार सुबह एक रेल घटना सामने आई। जखपुरा स्टेशन के पास चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस ट्रेन के तीन कोच पटरी से उतर गए। यह घटना सुबह करीब 08:51 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रेन यार्ड क्षेत्र से गुजर रही थी और उस समय उसकी रफ्तार काफी धीमी थी। डिरेल हुए कोचों में एक एसी कोच और दो जनरल कोच शामिल हैं। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।

रेलवे ने इस मामले में एक आधिकारिक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा,“ ट्रेन संख्या 22611 चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी  एक्सप्रेस का जाजपुर यार्ड में सुबह 08:51 बजे मामूली डिरेलमेंट हुआ। इस दौरान एक एसी कोच और दो जनरल कोच पटरी से उतरे। घटना के समय ट्रेन बहुत धीमी गति से चल रही थी। इस हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई है और न ही कोई घायल हुआ है।”

रेलवे ने आगे अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया,“यात्री ट्रेन संचालन पूरी तरह सामान्य है। प्रभावित यात्रियों को उचित रूप से समायोजित किया जा रहा है। डिरेल हुए कोचों को अलग किया जा रहा है और यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।”

रेलवे के मुताबिक, सूचना मिलते ही भुवनेश्वर और खुर्दा रोड से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और खुर्दा रोड से एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल इक्विपमेंट को सुबह 08:53 बजे घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। इसके साथ ही भद्रक से भी एक रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया है। रेलवे ने यह भी कहा,“वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बहाली एवं सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। डिरेलमेंट के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की जानकारी समय पर साझा की जाएगी।” फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। डिरेलमेंट की सटीक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version