पर्यटन नगरी आगरा को जल्द ही फूड पार्क की सौगात मिल सकती है। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को इसके संकेत दिए हैं। नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि आगरा के लिए एक बड़ी योजना पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने जून, 2026 में आगरा में होने वाले यूपी फूड एक्सपो के पोस्टर का विमोचन भी किया।
केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक में उद्यमियों ने सुझाव दिया कि नीतियों में एकरूपता लाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण और खाद्य सुरक्षा मंत्रालय का एकीकरण किया जाना चाहिए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार दोनों को एक ही मंत्रालय के दायरे में लाने का प्रयास कर रही है, ताकि व्यापारियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ें। उन्होंने घोषणा की कि चैंबर को जल्द ही मंत्रालय की सलाहकार समिति में शामिल किया जाएगा।
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने प्रदेश सरकार की एक जिला-एक व्यंजन नीति का हवाला देते हुए केंद्र से यूपी में नई फूड प्रोसेसिंग यूनिटों के लिए विशेष अनुदान की मांग की। मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि बेहतर पैकेजिंग और सरकारी सहयोग से यूपी के उत्पादों का निर्यात वैश्विक स्तर पर बढ़ सकता है।
फूड एक्सपो में मुख्य अतिथि होंगे मंत्री
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 14 से 16 जून 2026 को आगरा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सचिव विकास चतुर्वेदी, सिद्धार्थ अग्रवाल, नितिन अग्रवाल और अपार्क शर्मा आदि मौजूद रहे।

