आगरा में दोपहिया वाहन चोरी कर बेचने के आरोपियों से जगदीशपुरा पुलिस की बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ हो गई। दो को गिरफ्तार किया गया, एक के पैर में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे अस्पताल भेजा गया।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि 7 जुलाई को थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में घर के बाहर से स्कूटर चोरी हुआ था। बृहस्पतिवार रात पुलिस पथौली नहर पर चेकिंग कर रही थी। स्कूटर सवार दो युवकों को रोका गया तो वे भागते हुए फायरिंग करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर खतैना निवासी साहिल और शशांक को गिरफ्तार किया। साहिल पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह मास्टर चाबी से लॉक खोलकर चोरी करते हैं। बाद में पार्ट्स अलग-अलग कर बेच देते हैं। दोनों पर पहले से भी केस दर्ज हैं। आरोपियों से तीन स्कूटर, दो बाइक, एक तमंचा, कारतूस, खोखा और मास्टर चाबी बरामद हुए हैं।

