फूड एक्सपो में उपयोग किए गए खाद्य तेल को फेंकने की जगह ईकॉयल कंपनी खरीदने की पेशकश कर रही है। ईकॉयल कंपनी खाद्य प्रसंस्करण से उत्पाद तैयार करने वाली कंपनियों, रेस्तरां, होटल संचालकों और नमकीन विक्रेताओं से आगरा में ही हर माह तीन से चार टन खाद्य तेल खरीद रही है, जो एक बार उपयोग करने के बाद खराब हो जाता है। खाद्य तेल को बार-बार गर्म करने से ट्रांस-फैट का निर्माण होता है, जो दिल की बीमारियों और कोलेस्ट्रॉल का कारण बनता है। इससे बचाने के लिए ईकॉयल कंपनी ऐसे तेल से बायोडीजल तैयार कर बेच रही है।
ईकॉयल की सीनियर मैनेजर सुनैना गुसाईं ने बताया कि आगरा में प्रमुख पांच सितारा होटल, रेस्तरां चेन संचालक, मिष्ठान भंडार और नमकीन बनाने वाली कंपनियां उपयोग किए गए खाद्य तेल को उन्हें देती हैं। ईकॉयल ने उनके किचन में अपने ड्रम रखे हैं, जो भर जाने पर जयपुर रिफाइनरी में भेजे जाते हैं। वहां उपयोग किए गए तेल से बायोडीजल का निर्माण किया जा रहा है। कंपनी की समन्वयक स्वाति मेहंदीरत्ता के मुताबिक, आगरा में 20 टन की संभावना है लेकिन अभी कई छोटे हलवाई और रेस्तरां संचालक उसी तेल का बार-बार उपयोग कर रहे हैं।
ऑटोमेटिक मशीनों से पैकिंग, हाइजीन पर जोर
एक्सपो में फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में नई तकनीक वाली मशीनों का प्रदर्शन भी किया गया है, जिसमें खाद्य उत्पाद आकर्षक पैकिंग में ऑटोमेटिक मशीनों से निकलते हैं। हाईजीन पर जोर देते हुए हैंडलेस व्यवस्था है। खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के संचालकों को मशीन निर्माताओं ने खूबियां बताईं। डीएम मनीष बंसल ने भी एक्सपो में स्टॉलों का निरीक्षण किया।
आज मिलेंगे रिस्पॉन्सिबल इंडिया अवॉर्ड्स
ग्रीन-टेक स्टार्टअप ईकॉयल की ओर से एक्सपो के समापन पर मंगलवार को रिस्पॉन्सिबल इंडिया अवॉर्ड्स का आयोजन किया जाएगा। इन पुरस्कारों के माध्यम से उन व्यक्तियों, संस्थाओं एवं संगठनों को सम्मानित किया जाएगा जो समाज, सार्वजनिक स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं।

