UP: पति पूरे नहीं कर पाता था खर्चे, इसलिए छोड़ दिया, फिर युवती ने रचा ऐसा जाल, ठेकेदार को बनाया शिकार

4 Min Read
UP: पति पूरे नहीं कर पाता था खर्चे, इसलिए छोड़ दिया, फिर युवती ने रचा ऐसा जाल, ठेकेदार को बनाया शिकार

बरेली में हनीट्रैप गिरोह की युवती ने एक बिजली ठेकेदार को प्रेमजाल में फंसाकर 15 लाख रुपये वसूल लिए। ठेकेदार ने रुपये देने बंद किए तो मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 12 लाख रुपये और मांगे। प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरोह के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे शनिवार को जेल भेज दिया।

प्रेमनगर निवासी मनीष गंगवार ने सीओ प्रथम आशुतोष शिवम को बताया कि इज्जतनगर के वीर सावरकर नगर में उनके मामा अशोक कुमार का मकान है। एक साल पहले पूजा शर्मा नाम की युवती ने मनीष से मकान किराये पर लेने के लिए संपर्क किया। मनीष ने घर उसे किराये पर दे दिया। पूजा अक्सर मजबूरी जताकर उनसे आर्थिक मदद मांगने लगी। 

भावनात्मक रूप से उन्हें फंसाने के साथ ही पूजा ने उनके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। इस बार उसने 12 लाख रुपये मांगे। मनीष मांग पूरी नहीं कर सके तो पूजा ने उनको धमकी दिलाई कि रुपये दे दो, वरना दुष्कर्म की रिपोर्ट करवा दूंगी। उसके गिरोह में कुछ और लोग भी हैं, जो उन्हें धमकाते रहते थे। मनीष की शिकायत पर पुलिस ने पूजा को गिरफ्तार कर लिया। 

पूछताछ में युवती ने दी ये जानकारी 
ठेकेदार को हनीट्रैप में फंसाकर रुपये वसूलने की आरोपी पूजा ने पुलिस को बताया कि उसका पति खर्च पूरे नहीं कर पाता था। इसलिए उसे छोड़ दिया। उसकी बड़ी बेटी 13 साल की और छोटी तीन साल की है। उनके साथ वह अलग रह रही है। आय का कोई सही साधन नहीं है। इस बीच मनीष गंगवार से मुलाकात हो गई। मनीष से खर्चा मिलने लगा। उनके साथ कई जगह घूमने गई। मौज-मस्ती के साथ लगातार रुपये वसूलती रही। 

पूजा ने बताया कि जब मनीष को अहसास हुआ कि वह फंस गया है तो उसने रुपये देना बंद कर दिया। तब दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर उससे दस लाख रुपये ले लिए। रुपये मिले तो शिकायत वापस ले ली। पूजा ने बताया कि इसके बाद उसे लालच आ गया था। तब उसने बारह लाख रुपये की मांग रख दी।

प्राथमिक जांच में साबित हुए आरोप 
सीओ प्रथम ने मामले की जांच कराई तो आरोप सही साबित हुए। इसके बाद पूजा शर्मा, उसके साथी उदित पांडेय, गुड्डू बंजारा व अवधेश यादव के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। पूजा शर्मा को वेलेंटाइन डे पर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया। पूजा के साथियों की तलाश की जा रही है। सीओ ने बताया कि पूजा के पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। गिरोह में किसी और की संलिप्तता हुई तो उसकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।

गुड्डू बंजारा और पूजा का गिरोह कई लोगों से कर चुका वसूली
मनीष ने पुलिस को बताया कि गुड्डू बंजारा और पूजा शर्मा मिलकर इस गिरोह का संचालन करते हैं। उदित और अवधेश यादव इनके मददगार हैं। ये गिरोह रईस और प्रतिष्ठित लोगों को फंसाता है। कुछ समय पहले इन्होंने सुमित गोयल व लीलाधर नाम के लोगों को फंसाकर वसूली की है। कई और भी ऐसे पीड़ित हैं, जिनके नाम जल्द ही सामने आ सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version