बरेली में भूड़ वार्ड के शाहबाद इलाके के 27 मकानों समेत नावल्टी स्थित मजार के पास बनीं 74 दुकानों को नगर निगम ने अवैध निर्माण के रूप में चिह्नित किया है। सर्वे पूरा होने के बाद अब कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। नगर निगम के अधिकारियों ने नावल्टी स्थित मजार के पास बनी मार्केट को भी सूची में शामिल किया है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नगर निगम ने शाहबाद में कई स्थानों पर अवैध कब्जों की पुष्टि की है। इन पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, यह कार्रवाई पार्षद शालिनी जौहरी की शिकायत पर की जा रही है। कई जगह सरकारी स्कूलों और धार्मिक स्थल की जमीनों पर कब्जा किया गया है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, नावल्टी क्षेत्र स्थित मजार के पास 74 दुकानें सरकारी जमीन पर बनी हैं।
नगर निगम ने कोर्ट और शासन को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी है। उक्त रिपोर्ट के मुताबिक मार्केट नगर निगम की संपत्ति पर बनाई गई है। इसके अलावा सर्वे में जिन जमीनों पर अवैध निर्माण मिला है वह सरकारी और धार्मिक स्थलों की जमीनों पर बने हैं।

