उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कार का टायर पंचर होने से बीसलपुर-बरेली मार्ग के किनारे खड़े लोगों को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें कार चालक भी शामिल है। एक अन्य महिला भी घायल हुई है। उसकी हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा शनिवार सुबह करीब पांच बजे बीसलपुर-बरेली मार्ग पर मंडरा सुमन मोड़ के पास हुआ। बीसलपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार, नेपाल में अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले आठ लोग दिल्ली से कार से काठमांडू जा रहे थे। गाड़ी का टायर पंचर होने से चार लोग कार से उतर कर सड़क किनारे खड़े हो गए। बाकी लोग कार में बैठे थे। इसी समय गुजरे एक ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई।
तीसरे मृतक की नहीं हुई पहचान
मृतकों में कार चालक गणेश कुमार (47 वर्ष), निखिल (20 वर्ष) व एक अन्य अज्ञात शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल महिला अंजलि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गणेश कुमार पश्चिमी दिल्ली के इंदिरा पार्क का रहने वाला था। अन्य दोनों लोग नेपाल के रहने वाले थे। हादसे के बाद चालक ट्रक दौड़ा ले गया।

