हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती शादी के रिश्ते तक पहुंची, दोनों परिवारों की सहमति से गोद भराई भी हुई, लेकिन इसके बाद शादी की तारीख टलती रही। अब युवक ने युवती के परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। युवक का दावा है कि युवती पहले से शादीशुदा है और यह बात उससे छिपाई गई।
गोद भराई में दिए थे जेवर और कपड़े
मामला कछौना कोतवाली क्षेत्र के कंधा लोनाडा गांव का है। यहां के अमरीष कुमार के मुताबिक, फेसबुक के जरिए उसकी पहचान काजिहार निवासी युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और शादी के लिए सहमति बन गई।
इसके बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से गोद भराई की रस्म हुई। अमरीष का आरोप है कि इस दौरान उसने युवती को सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, मिठाई और अन्य कीमती सामान दिए थे।
शादी की तारीख टलती रही तो हुआ शक
अमरीष के मुताबिक, गोद भराई के बाद युवती के परिजन लगातार शादी की तारीख टालते रहे। इससे उसे शक हुआ। जब वह युवती के घर पहुंचा तो कथित तौर पर उसे पता चला कि युवती पहले से शादीशुदा है।
इसके बाद अमरीष ने गोद भराई में दिए गए जेवर और अन्य सामान वापस मांगे। आरोप है कि इस दौरान युवती और एक युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट का प्रयास किया।
पुलिस से सामान वापस दिलाने की मांग
अमरीष ने रविवार को कछौना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की शिकायत की। उसने गोद भराई में दिए गए आभूषण, कपड़े और अन्य सामान वापस दिलाने के साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग की है।
कछौना कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवती के पहले से शादीशुदा होने समेत युवक की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

