यूपी: छह की मौत, 80 से अधिक घायल… मथुरा हादसे पर नया अपडेट, बचे लोगों ने बयां किया खौफनाक मंजर

4 Min Read
UP: छह की मौत, 80 से अधिक घायल…मथुरा हादसे पर नया अपडेट, जो जिंदा बचे, उन्होंने बयां किया मंजर

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे ने भीषण तबाही मचा दी। सुबह करीब 3:30 बजे बलदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत 127 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुए बड़े सड़क हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत और 80 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर शुरुआती तौर पर चार मौतों की पुष्टि की गई थी, बाद में आंकड़ों को लेकर अलग-अलग अपडेट सामने आए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय दृश्यता लगभग शून्य थी। कोहरे के कारण एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और फंसे यात्रियों को वाहनों से बाहर निकाला गया। घायलों को जिला अस्पताल मथुरा और 100 शैय्या अस्पताल वृंदावन में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, 38 घायल जिला अस्पताल और 39 घायल बलदेव सीएचसी में उपचाराधीन हैं।

हादसे में बाल-बाल बचे कानपुर निवासी अमन यादव ने बताया कि वह दोस्तों के साथ कार से बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। घने कोहरे में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, तभी अचानक सामने से आए वाहन ने टक्कर मार दी और फिर लगातार कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए।

वहीं, हमीरपुर की नसीमा ने बताया कि वह अपने पति के साथ मजदूरी के लिए पानीपत जा रही थीं। उनकी बस सामने से आ रही दूसरी बस से टकराई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। किसी तरह उनकी जान बच सकी, लेकिन उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे यातायात पुलिस ने बाद में वैकल्पिक मार्गों से सुचारू कराया।

मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की शिनाख्त के लिए टीमें लगी हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version