भीषण गर्मी में बिजली संकट ने दस्तक दे दी है। अब यूपी पावर सेक्टर की ओर से जारी आदेश के मुताबिक एक से 31 मई 2026 तक मुरादाबाद मंडल के जिलों में रोजाना दो घंटे 30 मिनट की बिजली कटौती तय कर दी गई है। यह कटौती तय समय पर की जाएगी, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के उपभोक्ताओं को झटका लगेगा।
जारी शेड्यूल के अनुसार मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर, संभल और मुजफ्फरनगर जैसे जिलों में अलग-अलग समय स्लॉट में कटौती होगी। तहसील मुख्यालयों में सुबह सात से साढ़े आठ बजे और दोपहर तीन से चार बजे तक बिजली गुल रहेगी।
वहीं नगर पंचायत क्षेत्रों में सुबह 6:45 से 7:45 बजे तक और दोपहर 2:45 से 4:15 बजे तक कटौती लागू रहेगी। यानी दिन की शुरुआत से ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाएगी और दोपहर की तपिश में भी राहत नहीं मिलेगी। खास बात यह है कि यह कटौती सामान्य व्यवस्था के नाम पर लागू की जा रही है।
जबकि पहले से ही कई इलाकों में अघोषित कटौती और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। बिजली विभाग का कहना है कि यह निर्णय ग्रिड सुरक्षा और लोड मैनेजमेंट के तहत लिया गया है, लेकिन सवाल यह है कि हर साल गर्मी आते ही उपभोक्ताओं पर बोझ क्यों डाला जाता है।
अधीक्षण अभियंता (देहात) गुलशन गोयल का कहना है कि तहसील मुख्यालयों पर यह कटौती ऊपर से निर्धारित होती है। इसके अलावा यदि कहीं फॉल्ट होता है तो टीम शटडाउन लेकर मरम्मत करती हैं। बाकी तय शेड्यूल के मुताबिक अतिरिक्त कटौती नहीं की जाती है।

