UP News: मगरमच्छ ने महिला को बनाया निवाला, लोगों ने जबड़े से छुड़ाई लाश; खौफनाक मंजर देख हर कोई कांप गया

2 Min Read
UP News: मगरमच्छ ने महिला को बनाया निवाला, लोगों ने जबड़े से छुड़ाई लाश; खौफनाक मंजर देख हर कोई कांप गया

यूपी के बहराइच में शादी में शामिल होने के लिए घर से निकली महिला की रविवार सुबह दर्दनाक मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव सरयू नहर में मगरमच्छ के मुंह में दबा मिला। ग्रामीणों के शोर मचाने पर मगरमच्छ शव छोड़कर पानी में उतर गया। जब शव बाहर निकाला गया तो उसका एक पैर मगरमच्छ खा चुका था और शरीर पर कई गहरे जख्म थे।

बिछिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत चफरिया के मोहकमपुरवा गांव निवासी केतकी (55) शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटीं।

लोगों ने मगरमच्छ के जबड़े से शव छुड़ाकर बाहर निकाला

रविवार सुबह करीब 9 बजे रमपुरवा गांव के पास ग्रामीणों ने सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर एक मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद वर्मा और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए शोर मचाकर मगरमच्छ के चंगुल से शव छुड़ाकर बाहर निकाला।

घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। लेखपाल अरुण कुमार और ग्राम प्रधान अजीज अहमद की मौजूदगी में शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद हुआ।

बारिश के बाद बढ़ी दहशत ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। कतर्नियाघाट क्षेत्र में बारिश के बाद मगरमच्छ नदी, तालाब और नहर से निकलकर मैदानी इलाकों में पहुंच रहे हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल है।

परिवार में मचा कोहराम केतकी की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की हालत देखकर परिवार के लोग बेसुध हो गए। गांव में मातम पसरा है और ग्रामीण वन विभाग से सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version