पीलीभीत के कलीनगर इलाके के एक गांव में शनिवार रात बरात में आए कुछ युवकों ने कन्या पक्ष की युवतियों के साथ छेड़खानी की। वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गए और महिलाओं पर कार दौड़ा दी। इससे एक महिला की मौत हो गई। चार अन्य महिलाएं गंभीर घायल हो गई हैं।
घटना के बाद भाग रहे दो कार सवारों को माधोटांडा पुलिस ने घेराबंदी कर बाइफरकेशन मार्ग पर पकड़ लिया और थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक नशे में धुत थे। घटना माधोटांडा क्षेत्र के तराई इलाके के एक गांव की है।
गांव निवासी युवक ने माधोटांडा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को एक युवती की शादी थी। गजरौला क्षेत्र के बेबी सिंह कॉलोनी निवासी वर पक्ष के लोग बरात लेकर गांव पहुंचे। रात करीब 11:30 बजे वर पक्ष से गजरौला क्षेत्र के ही स्वर्णजीत सिंह व प्रगत सिंह भी वहां पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने द्वारचार के दौरान वहां मौजूद युवतियों के साथ छेड़खानी व अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। इस पर वहां मौजूद रेनुका हलदार (45) पत्नी सुरंजन हलदार के अलावा कुछ अन्य महिलाओं ने विरोध किया। पुलिस को सूचना देकर बुलाने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपी अपनी कार लेकर अन्य साथियों के साथ पहुंचे।