उरई में 2007 के चुनाव में बसपा के टिकट पर जीत हासिल कर विधायक बने छोटे सिंह चौहान और इसी पार्टी में अजय सिंह उर्फ पंकज कभी अगल-बगल बैठते थे, पर जेल में इनकी जोड़ी टूट गई है। प्रधान और उसके भाई की हत्या में उम्रकैद काटने जिला जेल पहुंचे छोटे सिंह को बैरक नंबर एक में रखा गया है। वहीं, स्कूल कर्मचारी की हत्या के आरोप में अजय सिंह सामान्य बैरक में बंद हैं। पूर्व विधायक छोटे सिंह चौहान को गुरुवार को उम्रकैद की सजा सुना दी गई।
फैसला आते ही पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद सीओ व कई थानों के फोर्स के साथ उन्हें जिला कारागार में ले जाया गया। यहां उन्हें बैरक नंबर एक में रखा गया है। सूत्रों की माने तो रात में उन्होंने चार बार पानी पीने की इच्छा जताई। उनका पूरा शरीर पसीना-पसीना हो रहा था। उन्होंने रात में थोड़ा खाना खाया और इसके बाद आंख बंदकर लेट गए। सुबह भी उन्होंने नाश्ता किया। इसके बाद दोपहर में खाना खाया है।