आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार तड़के आगरा-ग्वालियर हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। इरादतनगर थाना क्षेत्र के कुर्रा मोड़ पर अज्ञात वाहन ने 42 वर्षीय मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा
घटना कुर्रा मोड़ स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने की है। मुबारिकपुर निवासी 42 वर्षीय सोहनवीर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान शनिवार तड़के एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोहनवीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मौत की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीण
हादसे की जानकारी मिलते ही सोहनवीर के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार की हालत देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
मुआवजे और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने आगरा-ग्वालियर हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाया तथा कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी राम कुमार तोमर ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए सोहनवीर
सोहनवीर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी मोनी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं, गांव में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और उसके चालक का पता लगाकर कार्रवाई करे।
