मैनपुरी के कुंवर रामचंद्र सिंह लाल सिंह कन्या इंटर काॅलेज में सहायक अध्यापिकाओं की भर्ती में फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि वर्ष 2016 में भर्ती निकाली गई। आगरा के 25 से अधिक आवेदक दिखाए गए, लेकिन उन्होंने न तो कभी आवेदन किया और न ही साक्षात्कार दिया। नियम विरुद्ध तरीके से सामान्य और अति पिछड़ा वर्ग में तीन अध्यापिकाओं की भर्ती की गई। आरोपों की पुष्टि होने पर तत्कालीन डीआईओएस सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
कुंवर रामचंद्र सिंह लाल सिंह कन्या इंटर काॅलेज में हुई सहायक अध्यापिकाओं की भर्ती में फर्जीवाड़े की शिकायत आगरा विजिलेंस से वर्ष 2021 में की गई थी। इसके बाद शासन के निर्देश पर जांच शुरू हुई। वर्ष 2022 में जांच पूरी कर शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। शासन के आदेश पर अब विजिलेंस निरीक्षक सत्य विजय सिंह ने केस दर्ज कराया है।
एसपी विजिलेंस आलोक शर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए एक स्थानीय अखबार में विज्ञापन निकाला गया था। इसके बाद तीन सहायक अध्यापिकाओं की भर्ती की गई। इनमें शाहगंज के सोरों कटरा निवासी प्रीति कुमारी, सेक्टर-12 आवास विकास काॅलोनी निवासी तृप्ति भदाैरिया और मैनपुरी के भदावर हाउस निवासी पूनम राठाैर शामिल हैं। तीनों ही तब से नाैकरी भी कर रही हैं।