UP: गेहूं खरीद की चाल धीमी, 25 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य; इन सात केंद्रों पर नहीं पहुंचा एक भी किसान

2 Min Read
UP: गेहूं खरीद की चाल धीमी, 25 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य; इन सात केंद्रों पर नहीं पहुंचा एक भी किसान

आगरा में गेहूं खरीद शुरू हुए एक महीना होने जा रहा है, खरीद की चाल गति नहीं पकड़ रही है। तय लक्ष्य का 10 फीसदी भी गेहूं नहीं खरीदा जा सका है। जिले के लिए 25,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य मिला है। अभी तक 2,278 मीट्रिक टन की खरीद हो सकी है।

जिले में 48 खरीद केंद्र बनाए हैं। इनमें भारतीय खाद्य निगम का एक, उत्तर प्रदेश सहकारिता संघ के 35 और खाद्य विभाग की विपणन शाखा के 12 केंद्र हैं। इस बार केंद्रों के शुरू करने में काफी देरी हुई है। समय पर बारदाना और पॉश मशीन नहीं मिल सकी। इसके अलावा मशीन से केंद्र प्रभारी की आई अपडेट होने में देरी की गई। 30 मार्च को शुरू हुई खरीद के बाद भी 18 मार्च तक केवल 18 केंद्र पर ही खरीद शुरू हुई थी। अभी भी हाल यह है कि सहकारिता संघ के सात केंद्रों पर एक भी किसान से गेहूं खरीद नहीं हो सकी है।

वहीं विपणन शाखा के 6 खरीद केंद्र ऐसे हैं जहां खरीद के नाम पर बस दो चार किसानों के गेहूं ले लिए गए हैं। पिछले कई दिनों से एक भी दाने की खरीद नहीं हुई है।

जिला विपणन अधिकारी नंद किशोर ने बताया कि जिले को 25,500 मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है। लगभग सभी केंद्रों पर खरीद शुरू हो गई है। कुछ केंद्र प्रभारियों की आंखों का ऑपरेशन हुआ है तो उनकी पॉश मशीन में आंख मैच करने में दिक्कत आ रही है। जल्द उनके अंगूठे से मशीन के ओपन होने के लिए अपडेट कराया जा रहा है। जिससे वहां खरीद शुरू हो सके।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version