बरेली में बारिश के बाद खेतों में जलभराव, फसल की आवक घटने और परिवहन प्रभावित होने से सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा तेजी लहसुन में है। मशरूम के भाव भी 15 रुपये तक बढ़े हैं। डेलापीर सब्जी मंडी के आढ़ती रहमान के मुताबिक, बारिश से सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। नमी बढ़ने से खराब होने वाली सब्जियों की उपलब्धता भी कम हुई है। किसान कीमतें बढ़ाकर अपनी लागत की भरपाई कर रहे हैं। जब मंडी में ही माल के भाव बढ़ेंगे तो इसका सीधा असर खुदरा बाजार पर पड़ना तय है।
रहमान ने बताया कि डीजल महंगा होने का असर परिवहन पर पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि लगातार बारिश का दौर जारी रहा और आवक प्रभावित होती रही तो आने वाले दिनों में कुछ अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ सकते हैं। फिलहाल सर्वाधिक महंगाई लहसुन में है। धनिया, गोभी, परवल, मिर्च, शिमला मिर्च के दाम भी बढ़े हैं।
टमाटर की कीमत दोगुना, आलू-प्याज भी उछले
श्यामगंज फुटकर बाजार में पिछले महीने 35 से 45 रुपये प्रति किलो बिकने वाला टमाटर अब 50 से 60 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। प्याज 35 से बढ़कर 40-45 रुपये, भिंडी 30 से 40 रुपये और खीरा 25-30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो हो गया है। आलू के दाम में भी पांच रुपये तक बढ़त हुई है। करेला 25-30 से बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो हो गया है।

