तमिलनाडु के वेल्लोर में निर्माणाधीन चर्च की छत गिरी, 3 मजदूरों की मौत, 11 घायल

3 Min Read
तमिलनाडु के वेल्लोर में निर्माणाधीन चर्च की छत गिरी, 3 मजदूरों की मौत, 11 घायल

तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब कटपाडी के पास मंडी कृष्णपुरम में निर्माणाधीन ‘चर्च ऑफ साउथ इंडिया’ की इमारत की छत गिर गई। हादसे में मलबे में दबकर 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य मजदूर घायल हुए हैं।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त मजदूर छत के लिए कंक्रीट डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 20 फीट ऊंचा स्टील का स्कैफोल्डिंग और सपोर्ट फ्रेमवर्क अचानक गिर गया, जिससे मजदूर भारी कंक्रीट के मलबे और ईंट-पत्थरों के नीचे दब गए। अधिकारी ने बताया कि हादसे में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है।

घायलों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया

घायल हुए 11 मजदूरों को एंबुलेंस से वेल्लोर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के चित्तूर स्थित एक अस्पताल ले जाया गया। गुरुवार शाम मौके पर बचाव अभियान का समन्वय कर रहीं वेल्लोर की जिला कलेक्टर पी.एस. लीला एलेक्स ने पत्रकारों को बताया कि कम से कम आठ घायल मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं NDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही अराक्कोनम स्थित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की एक टीम, जिला प्रशासन, पुलिस और फायर सर्विस के कर्मचारी मिलकर निर्माण स्थल पर फंसे मजदूरों को बचाने के काम में जुट गए। बचाव दल ने मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।

हादसे की जांच के आदेश, बिल्डिंग परमिट की भी होगी पड़ताल

जिला प्रशासन ने हादसे की जांच के लिए एक समिति गठित करने की बात कही है। एक सवाल के जवाब में जिला कलेक्टर पी.एस. लीला एलेक्स ने बताया कि प्रशासन यह जांच करेगा कि इमारत का ढांचा क्यों गिरा, और साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या बिल्डर ने चर्च के निर्माण के लिए सभी जरूरी मंजूरी और बिल्डिंग परमिट लिए थे या नहीं। फिलहाल हादसे की सटीक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article
Exit mobile version