सरकार ने छात्रों की कौन-कौन सी मांगे मानी, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म होने के बाद अब आगे क्या?

4 Min Read
सरकार ने छात्रों की कौन-कौन सी मांगे मानी, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म होने के बाद अब आगे क्या?

नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मीटिंग के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना आंदोलन वापस ले लिया है। सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस किया। कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगे मान ली है। जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र अब वापस अपने-अपने घर जाएं। आइए जानते हैं कॉकरोच जनता पार्टी की क्या-क्या प्रमुख मांगे थी और सरकार ने उन मांगों पर क्या कहा है।

कॉकरोच जनता पार्टी की पहली मांगे, जिसे सरकार ने मानी

सरकार के साथ मीटिंग के संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि हमने सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दौर की बातचीत की। जंतर-मंतर पर कई दिनों से चल रहे हमारे विरोध प्रदर्शन की तीन मुख्य मांगें थीं: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा, प्रदर्शनकारियों और आयोजकों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी कानूनी मामलों और FIR को वापस लेना और भविष्य में प्रदर्शनकारियों या आयोजकों के ख़िलाफ़ कोई मामला दर्ज न करना। हमारी तीसरी मांग उन परिवारों के लिए 1 करोड़ रुपये का मुआवज़ा थी जिन्होंने NEET परीक्षा न हो पाने के बाद अपने प्रियजनों को खो दिया। धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा दे दिया है। इसका मतलब है कि हमारी पहली मांग मान ली गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी की दूसरी मांग, जिसे सरकार ने मानी

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास कहते हैं, “हमारी दूसरी मांग यह थी कि न केवल दिल्ली में, बल्कि सभी बीजेपी शासित और BJP-सहयोगी राज्यों में प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ दर्ज सभी FIR वापस ली जाएं। यह हमारी दूसरी मांग थी। सरकार ने उस मांग को भी मान लिया है। साथ ही, FIR जल्द ही वापस ले ली जाएंगी। सरकार ने हमें भरोसा दिलाया है कि वह दर्ज सभी FIR की कॉपी शेयर करेगी।

हमारी पिछली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 15 से 20 FIR दर्ज की गई थीं और हमें किसी भी हाल में तीन से चार दिनों के भीतर वे कॉपी मिल जाएंगी। सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि FIR जल्द ही वापस ले ली जाएंगी। इसे समझते हुए, हमने सरकार के साथ एक ड्राफ़्ट शेयर किया है, जो एक लिखित गारंटी है। सरकार ने कहा है कि वह मंगलवार तक इसे हमारे साथ शेयर करेगी। हमें उम्मीद है कि मंगलवार तक हमें इन FIR और भविष्य की किसी भी कार्रवाई के संबंध में सरकार की गारंटी मिल जाएगी।

कॉकरोच जनता पार्टी की तीसरी मांग, जिसे सरकार ने मानी

आत्महत्या करने वाले NEET के छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवज़ा देने की तीसरी मांग के बारे में आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार इस मांग पर सहमत हो गई है और परिवारों को मौजूदा नियमों और कानूनों के तहत सम्मानजनक मुआवज़ा दिया जाएगा।

छात्रों की चौथी मांग, जिस पर सरकार ने भरी हामी

छात्रों की चौथी मांग एग्जामिनेशन के रिफॉर्म पर बदलाव करना है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि छात्रों की मांग पर डिटेल में चर्चा हुई। छात्रों की चारों मांगें सुनी गईं। एफआईआर वापस लिया जाएगा। आगे भी कोई केस नहीं होगा। हमारी इनसे सहानुभूति है। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा। एग्जामिनेशन के रिफॉर्म पर कॉकरोच जनता पार्टी से चर्चा कर बदलाव करेंगे। चार सप्ताह के बाद फिर मुलाकात होगी।

 

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version