बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट के घर से एक बेहद खुशमिजाज खबर सामने आई है। आलिया की बड़ी बहन और लेखिका शाहीन भट्ट ने अपने लॉन्ग-टाइम बॉयफ्रेंड ईशान मेहरा के साथ सगाई कर ली है। शाहीन ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सगाई की घोषणा की, जिसके बाद से ही उनके फैंस और फिल्म जगत के दोस्तों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। साल 2025 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक करने के ठीक एक साल बाद, इस कपल ने अपने सफर को अगले पड़ाव पर ले जाने का फैसला किया है। सगाई की झलकियां सोशल मीडिया पर छाई हुईं है, जिसमें शाहीन अपनी रिंग फ्लॉन्ट करती दिख रही हैं।
सोशल मीडिया पर फ्लॉन्ट की डायमंड रिंग
शुक्रवार 17 अप्रैल को शाहीन भट्ट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सगाई की कुछ बेहद प्यारी और रोमांटिक तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में शाहीन अपने मंगेतर ईशान द्वारा तोहफे में दी गई हीरे की बड़ी अंगूठी फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। तस्वीरों के साथ उन्होंने एक मजाकिया लेकिन दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा, ‘शायद हमने एक-दूसरे को पसंद करने वाली बात को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया है।’ तस्वीरों में कपल की बॉन्डिंग और उनके चेहरे की खुशी साफ झलक रही है। प्रपोजल के बाद की इन तस्वीरों ने इंटरनेट पर आते ही धूम मचा दी है।
बॉलीवुड हस्तियों ने दी बधाइयां
शाहीन की इस पोस्ट पर बॉलीवुड सितारों ने जमकर प्यार बरसाया है। सबसे ज्यादा ध्यान शाहीन के पूर्व बॉयफ्रेंड और कॉमेडियन रोहन जोशी के कमेंट ने खींचा, जिन्होंने खुशी जताते हुए लिखा, ‘ओह माय गॉड, बधाई हो!’ उनके अलावा अभिनेत्री अनन्या पांडे ने लिखा, ‘शाहीन! तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं, तुम्हें दुनिया की सारी खुशियां मिलें।’ नीना गुप्ता, नव्या नंदा, अर्जुन कपूर, शनाया कपूर और रिया कपूर जैसे सितारों ने भी कमेंट सेक्शन में जोड़े को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मसाबा गुप्ता ने भी इस खबर पर अपनी खुशी जाहिर की है।
कौन हैं शाहीन के मंगेतर ईशान मेहरा?
शाहीन भट्ट के मंगेतर ईशान मेहरा एक इंटरनेशनल स्विमर रहे हैं और उन्होंने यूथ एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है। वर्तमान में वह एक सफल फिटनेस कोच हैं। ईशान लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं और काफी लो-प्रोफाइल रहते हैं। हालांकि उन्हें अक्सर शाहीन और उनके फिल्मी दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाते और पार्टियों में देखा जाता है। ईशान अपने इंस्टाग्राम पर अक्सर फिटनेस वीडियो साझा करते हैं और जिम में काफी समय बिताते हैं। वह एक एथलेटिक पृष्ठभूमि से आते हैं और शाहीन के साथ उनकी ट्यूनिंग काफी समय से चर्चा में रही है।
ग्लैमर से दूर शाहीन का अपना संसार
महेश भट्ट और सोनी राजदान की बेटी शाहीन भट्ट अपनी बहन आलिया की तरह कैमरे के सामने रहना पसंद नहीं करतीं। वह एक प्रतिभाशाली लेखिका हैं और अक्सर मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषयों पर खुलकर बात करती हैं। आलिया और शाहीन के बीच एक बहुत गहरा रिश्ता है और दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हुए अपनी तस्वीरें साझा करती रहती हैं। अब जबकि शाहीन ने अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है, भट्ट परिवार में जश्न का माहौल है और प्रशंसक अब उनकी शादी की तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

