मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर पिछले कुछ दिनों से क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल के साथ कथित डेटिंग की खबरों को लेकर चर्चा में थीं। सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे थे। अब मृणाल ठाकुर ने खुद इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कर दिया है कि उनके और यशस्वी जायसवाल के बीच ऐसा कोई रिश्ता नहीं है।
दरअसल, मृणाल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल को मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित एक कैफे में देखे जाने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के डेटिंग की चर्चा शुरू हो गई थी। दोनों को कैफे से बाहर निकलते हुए देखने के बाद कई यूजर्स ने दावा किया कि दोनों के बीच कुछ चल रहा है।
मृणाल ठाकुर ने अफवाहों पर क्या कहा?
यशस्वी जायसवाल के साथ अपना नाम जोड़े जाने पर मृणाल ठाकुर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इन खबरों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “भाई शांत हो जाओ, मुझे दिखाओ कि हम एक साथ कहां थे? कैसे यार आप लोग इतने पढ़े-लिखे लोग ऐसी अफवाहों को सच मानने लगते हैं?”

Image Source : INSTAGRAM/@MRUNALTHAKURमृणाल ठाकुर ने यशस्वी जायसवाल संग डेटिंग रूमर्स पर दी प्रतिक्रिया।
मृणाल ने आगे कहा कि देश में कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं और लोगों को उन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि “जैन जी से कुछ सीखिए और जो सही मुद्दे हैं, उन पर वीडियोज बनाइए। इससे और ज्यादा व्यूज मिलेंगे।”
मृणाल की इस प्रतिक्रिया से साफ है कि वह यशस्वी जायसवाल के साथ डेटिंग की खबरों को महज अफवाह मानती हैं।
धनुष के साथ भी जुड़ चुका है नाम
मृणाल ठाकुर का नाम इससे पहले अभिनेता धनुष के साथ भी जोड़ा जा चुका है। अगस्त 2025 में ‘सन ऑफ सरदार 2’ के प्रीमियर के दौरान दोनों को गर्मजोशी से मिलते हुए देखा गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके अफेयर की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
हालांकि, मृणाल ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्हें समझ नहीं आता कि इस तरह की अफवाहें कहां से सामने आती हैं। वह कई मौकों पर स्पष्ट कर चुकी हैं कि धनुष के साथ उनका रिश्ता प्रोफेशनल है।
इसके अलावा मृणाल का नाम क्रिकेटर श्रेयस अय्यर और रैपर बादशाह के साथ भी जोड़ा जा चुका है।
शरद चंद्र त्रिपाठी को डेट कर चुकी हैं मृणाल
मृणाल ठाकुर का लेखक शरद चंद्र त्रिपाठी के साथ रिश्ता हालांकि महज अफवाह नहीं था। दोनों एक समय रिलेशनशिप में थे और उन्होंने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 7’ में भी साथ हिस्सा लिया था।
उस दौरान दोनों ने अपने रिश्ते और परिवार की स्वीकार्यता को लेकर भी बात की थी। हालांकि, उनका रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और बाद में दोनों अलग हो गए।
डीपफेक को लेकर भी मृणाल ने जताई थी नाराजगी
मृणाल ठाकुर हाल ही में डीपफेक कंटेंट को लेकर भी सुर्खियों में थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन लोगों को सख्त चेतावनी दी थी, जो उनकी तस्वीरों और आवाज के साथ छेड़छाड़ करके फर्जी वीडियो तैयार कर रहे हैं।
एक्ट्रेस ने स्पष्ट किया था कि उनकी तस्वीर, वीडियो या आवाज का गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी थी।

