उन्नाव के औरास थाना इलाके के माइनर में बच्ची का शव मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित नजर आए। यह देख पुलिस ने तुरंत शव सीएचसी पहुंचा दिया। वहीं, परिजनों को दिखाया गया। बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों के साथ ग्रामीण भी गुरुवार रात से उसकी तलाश कर रहे थे।
शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे अर्द्धनग्न हालत में बच्ची का शव मिलने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। वह घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
यह देख पुलिस ने तुरंत शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां पहले बच्ची की दादी को शव दिखाया गया। नन्हीं पौत्री का शव देख दादी बेसुध हो गई, जैसे तैसे लोगों ने उन्हें संभाला, फिर पिता को दिखाया गया, वह बेटी के शव के साथ लिपटकर तेज से चीखा।
मौजूद पुलिस कर्मियों ने सभी को शांत कराया और आगे की कार्रवाई शुरू की है। मृत बच्ची के बदन पर सिर्फ बनियान थी, उसकी अंडर वियर और लोवर नहीं मिला। मृतका के होंठ और गाल पर चोट के निशान पाए गए हैं।
संदिग्धों में एक युवक बच्ची को अक्सर दिखाता था वीडियो
औरास थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्ची का शव मिलने के बाद घटना के खुलासे में जुटी पुलिस घटनास्थल के आसपास बागों में रखवाली कर रहे आठ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया। इसमें मृतका के गांव का ही एक बाग का युवक संदिग्ध है।
चर्चा है कि वह बच्ची से आए दिन मिलता था, उसे फोन पर वीडियो भी दिखाया करता था। जिस समय बच्ची लापता हुई वह भी बाग में ही था। पुलिस सभी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने माइनर में आ रहा पानी बंद कराकर बच्ची के कपड़ों की तलाश शुरू की है।
औरास थाना के एक गांव निवासी छह साल की बच्ची गुरुवार रात करीब आठ बजे घर के पास ही अहाते में सो रहे बाबा को पीने के लिए पानी देने गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। बाबा के पास सो जाने की आशंका पर पिता, उसे देखने गया तो वह नहीं मिली।
खोजी कुत्ता घटनास्थल से 400 मीटर दूर जाने के बाद लौट आया। दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस और परिजन बच्ची की तलाश कर रहे थे तभी घर से करीब 600 मीटर दूर नहर माइनर में शव बहता देखा गया। ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
आरोपी शाहपुर तोंदा गांव में जनसेवा केंद्र चलाता है। पुलिस ने शुक्रवार शाम को दबिश तो वह भाग गया। रात करीब नौ बजे मैनीभावा खेड़ा गांव के पास मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की एक गोली हत्यारोपी के बाएं पैर में लगी।