आगरा-बयाना रेलवे लाइन के किनारे बिना अनुमति पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब एक दर्जन लोग यूकेलिप्टस के पेड़ों की डालियां काटकर लकड़ी ले गए। घटना कीठम-भांडई बाईपास रेलवे लाइन पर नानपुर मोड़ के पास उस स्थान की है, जहां दोनों रेल लाइनें एक-दूसरे को क्रॉस कर रही हैं।
ब्लॉक बिचपुरी के गांव सहारा निवासी सुरेंद्र सोलंकी और बॉबी तथा बैमन गांव के सत्यवीर चाहर ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे करीब 12 लोग मशीन की मदद से हरे पेड़ों की डालियां काट रहे थे। इसके बाद लकड़ी को मैक्स पिकअप वाहन में लादकर मौके से चले गए। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर पेड़ों की कटान हुई, वह रेलवे विभाग की भूमि है और इसके लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। बृहस्पतिवार को सूचना मिलने पर बाईंपुर रेंज के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बाईंपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कृपाशंकर ने बताया कि घटना का वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक वाहन में लकड़ी भरकर ले जाते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। रेलवे विभाग से जानकारी जुटाई जा रही है। वाहन का नंबर ट्रेस कर आरटीओ से विवरण निकलवाया जा रहा है, जिसके आधार पर वाहन स्वामी को नोटिस भेजा जाएगा। प्रथम दृष्टया छह पेड़ों की ऊपरी डालियां काटी गई हैं, पेड़ फिलहाल सुरक्षित हैं। आशंका है कि आगे उन्हें पूरी तरह काटने की तैयारी थी।

