शाहजहांपुर में शिक्षिका की मौत: पति को किया कॉल, कहा- मैं मर रही हूं; फिर जहर खाकर दे दी जान

indianloveindia
4 Min Read
शाहजहांपुर में शिक्षिका की मौत: पति को किया कॉल, कहा- मैं मर रही हूं; फिर जहर खाकर दे दी जान

शाहजहांपुर: चौक कोतवाली क्षेत्र के हयातपुरा मोहल्ले में 32 वर्षीय शिक्षिका नैना आनंद की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ खाने से पहले उन्होंने अपने पति को फोन कर कहा था कि वह मर रही हैं, लेकिन अपनी लोकेशन नहीं बताई। गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पति को फोन कर कहा- मैं मर रही हूं

नैना आनंद दून इंटरनेशनल स्कूल में सामाजिक अध्ययन की शिक्षिका थीं। करीब 11 वर्ष पहले उनकी शादी मोहित आनंद से हुई थी। मोहित मसूरी इंटरनेशनल स्कूल में क्लर्क हैं। रविवार को वह किसी काम से बरेली गए हुए थे।

परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच नैना ने मोहित को फोन किया और कहा कि वह मर रही हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह उस समय कहां थीं। मोहित ने इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

काफी तलाश के बाद नैना कच्चा कटरा क्षेत्र में मिलीं। उनकी हालत गंभीर थी और वह उल्टियां कर रही थीं। परिजन उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिवार में मचा कोहराम

नैना की मौत की सूचना मिलने पर बरेली से उनके पति मोहित और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदारों और परिचितों ने परिजनों को संभाला।

एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो बेटियों की जिम्मेदारी अब पिता पर

नैना की दो बेटियां हैं, जो दून इंटरनेशनल स्कूल में ही पढ़ती हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों की जिम्मेदारी अब उनके पिता मोहित के कंधों पर आ गई है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मौत से कुछ घंटे पहले दी थी जन्मदिन की बधाई

नैना पूर्व में डान एंड डोना कॉन्वेंट स्कूल और तक्षशिला पब्लिक स्कूल में भी शिक्षिका रह चुकी थीं। करीब नौ वर्षों तक तक्षशिला पब्लिक स्कूल में पढ़ाने के बाद उन्होंने अप्रैल में दून इंटरनेशनल स्कूल में नौकरी शुरू की थी।

सहकर्मियों के मुताबिक, नैना मिलनसार स्वभाव की थीं। रविवार दोपहर उन्होंने स्कूल की कोऑर्डिनेटर कोमल के जन्मदिन पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर बधाई भी दी थी।

परिवार में कलह की बात भी सामने आई

नैना की मौत के बाद परिवार की ओर से घटना की वजह को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि परिवार की एक महिला से उनका विवाद चल रहा था और वह इससे परेशान थीं। हालांकि, उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share This Article