नई दिल्ली। दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को रुझानों में बहुमत मिल गया है। जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया हार गए हैं। अरविंद केजरीवाल और सीएम आतिशी भी पीछे चल रही हैं।
दिल्ली चुनाव नतीजों के आधिकारिक रुझानों से राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा की वापसी के संकेत मिलने के बाद भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल जारी है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार भाजपा 45 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आप 25 सीटों पर आगे चल रही है।
3000 से ज्यादा वोटों से हारे केजरीवाल
दिल्ली की सबसे वीआईपी नई दिल्ली सीट पर 12वें राउंड तक की गिनती हो गई और अरविंद केजरीवाल अब 3000 से ज्यादा वोटों से हार गए हैं।
675 वोट से हारे मनीष सिसोदिया
जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया 675 वोट से हारे हैं। यहां से भाजपा के तरविंदर सिंह ने दर्ज की है। उधर, भारत नगर मतगणना केंद्र के बाहर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
पटपड़गंज सीट से अवध ओझा हार गए
पटपड़गंज सीट से भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी ने जीत दर्ज कर ली है। जीतने के बाद उन्होंने सारा श्रेय प्रधानमंत्री को दिया है। इस सीट से आम आदमी पार्टी के अवध ओझा हार गए हैं। अवध ओझा ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत हार है।
‘निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा ही भगवान की पूजा होती है’
चुनाव के नतीजों पर समाज सेवक अन्ना हजारे ने कहा, लोगों ने नई पार्टी पर विश्वास किया था। लेकिन आगे चलकर शराब की दुकान बढ़ाने के कारण उसकी (अरविंद केजरीवाल) छवि खराब होने लगी। निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा ही भगवान की पूजा होती है, ये उनके समझ में नहीं आया, जिसके कारण वो गलत रास्ते पर गया।”