कुशीनगर (UP)। पूर्णिमा के दिन बुधवार को नारायणी में डुबकी लगाने के बाद मां मदनपुरी देवी का दर्शन कर अगले दिन गुरुवार को घर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो की सुबह साढ़े पांच बजे अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टेंपो के परखच्चे उड़ गए। आटो चालक समेत चार की मृत्यु हो गई, पांच गंभीर रूप से घायल हो गए।
कप्तानगंज थाना के मथौली किसान इंटर कालेज के खेल मैदान के समीप हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर हुई इस भीषण दुर्घटना के बाद चीख पुकार मच गई। अज्ञात वाहन को लेकर चालक फरार हो गया। आसपास के लोग दौड़ पड़े तो पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
कप्तानगंज थाने के सेमरा का रहने वाला 30 वर्षीय टेंपो चालक गगन कुशवाहा मदनपुर देवी स्थान से आए श्रद्धालुओं को कप्तानगंज रेलवे स्टेशन से लेकर हाटा की तरफ जा रहा था। इसी बीच मथौली कस्बा के किसान इंटर कालेज के समीप अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, सवार सभी नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हाटा कोतवाली के पगरा स्कूली टोला की मंशा चौहान (40) को मृत घोषित कर दिया तो उनके घायल पुत्र दिवाकर की हालत गंभीर बनी हुई है।
देवरिया जनपद के रहने वाले अवधेश चौहान की भी मृत्यु अस्पताल में हो गई तो घायल पत्नी भुल्ला चौहान का उपचार चल रहा है। कप्तानगंज थाना के फर्द मुंडेरा के कांता चौहान (65) की भी जान दुर्घटना में चली गई। गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक की भी जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मृत्यु हो गई।
रेफर किए गए हाटा कोतवाली के अथरहा की कालेश्वरी देवी, इसी गांव की पुष्पा देवी, परसौना के रामभवन प्रजापति का भी जिला अस्पताल रवींद्रनगर धूस में उपचार चल रहा है, घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कप्तानगंज थाना प्रभारी धनवीर सिंह ने बताया कि सड़क किनारे व दुकान में लगे कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन व उसके चालक के बार में पता लगाया जा रहा है। दुर्घटना में चार की मृत्यु हुई है तो पांच गंभीर रूप से घायल हुए हैं।