संभल। हिंसा के बाद अब संभल पुलिस नई तैयारी में जुटी है। जल्द ही पुलिस विभाग द्वारा शहर में एक सर्वे कराया जाएगा। जिसमें देखा जाएगा कि शहर में कितने लोग बाहर के रूके हुए हैं और कितने लोग यहां के विदेशों में रहते हैं। कौन-कौन से देश में हैं और क्या-क्या काम करते हैं।
उनके पासपोर्ट व बीजा को भी देखा जाएगा। अनुमान है कि जल्द ही ये कार्य शुरू होने वाला है। बता दें कि 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद के सर्वे विरोध में हिंसा हुई थी। जिसमें चार लोगों की मृत्यु और 30 से अधिक पुलिस कर्मी घायल हुए थे। इस मसले में अब तक 74 आरोपित जेल जा चुके हैं।
खास बात यह है कि इस हिंसा के बाद पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आया है। यहां के युवा पाकिस्तानी मौलानाओं से बातचीत करते हैं। ऐसा करने वाला युवा आकिल भी गिरफ्तार हो चुका है।
दुबई में छुपा है अपराधी शारिक साठा
पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी ISI से ताल्लुक रखने वाला कुख्यात अपराधी शारिक साठा भी दुबई में बताया गया है। इन सब चीजों को देखते हुए अब पुलिस ने शहर का सर्वे कराने के लिए योजना बनाई है। निर्णय लिया है कि शहर के 33 वार्डों में थानेवार सत्यापन करवाया जाएगा।
खासबात यह है कि इस सर्वे के बाद शहर के प्रत्येक व्यक्ति की कुंडली पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज होगी। इस सर्वे के लिए थाने वार टीमे गठित की जाएंगी और सर्वे का काम शुरू होगा।
शहर में 33 वार्ड, लगभग तीन लाख की आबादी
संभल नगर पालिका की बात करें तो यहां पर नगर पालिका क्षेत्र में 33 वार्ड हैं और लगभग तीन लाख लोगों की आबादी है। ये वार्ड थाना नखासा, हयातनगर व शहर कोतवाली के अधीन आते हैं।
पालिका के मुताबिक लगभग यहां पर तीन लाख लोगों की आबादी भी है। ऐसे में पुलिस के सर्वे के बाद इन सभी लोगों की कुंडली पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज होगी।
सत्यव्रत पुलिस चौकी में भी दर्ज होगी कुंडली
जामा मस्जिद के सामने बन रही सत्यव्रत पुलिस चौकी में भी मुहल्ला कोर्ट पूर्वी व मुहल्ला कोर्ट गर्वी ले लोगों का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। इस चौकी में प्रत्येक व्यक्ति का नाम-पते के साथ ब्योरा किया जाएगा। क्योंकि हिंसा करने वाले अधिकांश लोग इसी इलाके के रहने वाले हैं।
संभल, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने बताया शहर में एक सर्वे शुरू कराया जाएगा। जिसमें यह देखा जाएगा कि कितने लोग शहर के बाहर विदेशों में रहते हैं और कितने लोग विदेश के यहां पर रहते हैं।
इस सर्वे से यह भी पता लग पाएगा कि वास्तविक स्थिति क्या है। क्योंकि यहां के युवा पाक जैसे देश के मौलाना उसे संबंध रखते हैं। उनके साथियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।