अंबेडकरनगर के टांडा कोतवाली क्षेत्र में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, खासपुर में तैनात एक पीआरडी जवान ने स्कूल परिसर के भीतर ही जान दे दी। मृतक की पहचान सकरावल गांव निवासी 35 वर्षीय वीरेंद्र प्रताप के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय में हड़कंप मच गया और सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के सही कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
ड्यूटी के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में सामान्यतः दो पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाई जाती थी। वीरेंद्र प्रताप के साथ ड्यूटी करने वाले सहयोगी जवान दलसिंगार इस समय अवकाश पर थे। इसी दौरान वीरेंद्र ने विद्यालय के कक्षा दो के कमरे में यह कदम उठाया।
पारिवारिक स्थिति
वीरेंद्र प्रताप की पत्नी प्रतिमा देवी फिलहाल अपने मायके में हैं। दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र को करीब छह महीने से मानदेय नहीं मिला था, हालांकि यह आत्महत्या का कारण था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की तहकीकात कर रही है।
यह एक संवेदनशील विषय है। अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या आत्महत्या के विचारों से गुजर रहा है, तो कृपया तुरंत किसी विशेषज्ञ या हेल्पलाइन से संपर्क करें। KIRAN मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन: 1800-599-0019 पर संपर्क किया जा सकता है।

