मुंबई: इमरान हाशमी और दिशा पटानी स्टारर ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 14 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म की इस कामयाबी के बाद मेकर्स और स्टारकास्ट ने सक्सेस पार्टी रखी, जहां दिशा पटानी ने अपने डांस से पूरी महफिल लूट ली।
सक्सेस पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिशा पटानी डांस फ्लोर पर कटरीना कैफ के लोकप्रिय गाने ‘शीला की जवानी’ पर थिरकती नजर आ रही हैं। वीडियो में आसपास मौजूद लोग उनके डांस को एंजॉय करते और उनका हौसला बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं।
‘शीला की जवानी’ पर दिशा के डांस ने खींचा ध्यान
वायरल वीडियो में दिशा पटानी बेहद एनर्जेटिक अंदाज में डांस करती नजर आती हैं। उन्होंने ‘तीस मार खां’ के 2010 में रिलीज हुए लोकप्रिय गाने ‘शीला की जवानी’ पर डांस किया। पार्टी में मौजूद लोगों की निगाहें दिशा के डांस पर टिक गईं और वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई।
सक्सेस पार्टी के लिए दिशा ने हॉल्टर-नेक ड्रेस पहनी थी, जिसमें प्लंजिंग नेकलाइन और थाई-हाई स्लिट था। उन्होंने मिनिमल मेकअप, मैचिंग ईयररिंग्स और बन हेयरस्टाइल के साथ अपना लुक पूरा किया।
45 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 200 करोड़ से ज्यादा
‘आवारापन 2’ की बॉक्स ऑफिस सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि फिल्म करीब 45 करोड़ रुपये के रिपोर्टेड बजट में बनी है। फिल्म ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, जबकि दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 33.75 करोड़ रुपये पहुंच गई। पहले हफ्ते के अंत तक फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 113.50 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 161.67 करोड़ रुपये बताया गया था।
दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी। 12वें दिन इसने भारत में करीब 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और घरेलू नेट कमाई 143 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 201.45 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिसमें भारत से 170.15 करोड़ और विदेशी बाजारों से 31.30 करोड़ रुपये शामिल हैं।
अब ‘टॉक्सिक’ से मिलेगी कड़ी चुनौती
‘आवारापन 2’ के लिए आगे की राह हालांकि आसान नहीं रहने वाली है। यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, जिससे ‘आवारापन 2’ को स्क्रीन और दर्शकों के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। ट्रेड रिपोर्टों में भी फिल्म के स्क्रीन शेयर और रोजाना की कमाई पर इसके संभावित असर की चर्चा की गई है।
फिल्म में इमरान हाशमी और दिशा पटानी के अलावा पूरन गब्बी, शबाना आजमी और सुविंदर विक्की भी अहम भूमिकाओं में हैं।

