बरेली में चीनी मांझे से हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार सुबह करीब आठ बजे सिटी स्टेशन रोड पर श्मशान भूमि फाटक के पास एक युवक चीनी मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया।
घायल की पहचान सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर निवासी अनीस (32) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने घर जा रहा था कि श्मशान भूमि फाटक के पास अचानक मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया। परिजनों ने उसे तुरंत मिनी बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जानकारी में अनीस की हालत नाजुक बताई गई थी।
डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल स्थिति स्थिर
घायल के चचेरे भाई नईम ने घटना की जानकारी दी। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, अनीस की हालत फिलहाल स्थिर है और राहत की बात यह है कि मांझा उसकी श्वांस नली तक नहीं पहुंचा। वह होश में है, हालांकि गर्दन की चोट के कारण फिलहाल बोलने में असमर्थ बताया जा रहा है।
शहर में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बरेली में चीनी मांझे से जुड़े हादसे नए नहीं हैं। बीते 15 जून को श्यामगंज फ्लाईओवर पर चीनी मांझे की चपेट में आने से प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे वीर सिंह गंगवार भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका निजी अस्पताल में कई दिनों तक इलाज चला था।
इसके अलावा 29 जुलाई को महादेव पुल पर चीनी मांझे से कक्षा 12 के एक छात्र की गर्दन पर गहरा घाव हो गया था। इसी तरह अगस्त में भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई छात्र और राहगीर चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं।
प्रतिबंध के बावजूद जारी है बिक्री
गौरतलब है कि चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद शहर में इसका उपयोग नहीं रुक पाया है। बीते दिनों पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन इसके बावजूद हादसों का सिलसिला जारी है।
बार-बार हो रहीं इन घटनाओं ने एक बार फिर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन और सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

