नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राजधानी दिल्ली में आज 05 फरवरी बुधवार सुबह सात बजे से सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। दिल्लीवासियों ने वोट डालना शुरू कर दिया है।
उधर, दिल्ली पुलिस ने चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आज दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा है और सभी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
वोट डालने पहुंचे राहुल गांधी
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। वो सुबह-सुबह नई दिल्ली क्षेत्र के एक मतदान केंद्र निर्माण भवन पर वोट डालने पहुंचे।
बांसुरी स्वराज बोलीं- 8 फरवरी को कमल ही खिलेगा
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना वोट डालने के बाद भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, “यह आज दिल्ली में लोकतंत्र का त्योहार है और मैं राष्ट्रीय राजधानी के मतदाताओं से अपील करती हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें ताकि दिल्ली विकसित हो सके।” विकसित देश की राजधानी, आप देखिएगा, आठ फरवरी को कमल ही खिलेगा…
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने डाला वोट
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नई दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला। उन्होंने कहा “मैं एक शुरुआती मतदाता हूं, दिल्ली का मतदाता हूं। मुझे लगता है कि जनता बदलाव के मूड में है…”
मतदान के लिए रवाना हुईं सीएम आतिशी
दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार आतिशी वोट डालने के लिए अपने आवास से निकल गई हैं। इस सीट से कांग्रेस ने अलका लांबा, जबकि भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है।